Main Slideउत्तर प्रदेशप्रदेश

रक्षाबंधन पर यूपी की महिलाओं को बड़ा तोहफा, 27 से 29 अगस्त तक सरकारी बसों में फ्री सफर

लखनऊ। रक्षाबंधन के मौके पर उत्तर प्रदेश की महिलाओं के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा ऐलान किया है। अब महिलाएं 27 अगस्त की सुबह 6 बजे से 29 अगस्त की मध्यरात्रि तक उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। इस दौरान महिला यात्रियों को कोई किराया नहीं देना होगा। मुख्यमंत्री ने पहले सिर्फ दो दिन के लिए निशुल्क बस सेवा की घोषणा की थी, लेकिन रविवार को उन्होंने इस अवधि को बढ़ाकर तीन दिन कर दिया। महिला यात्री अपने साथ एक सहयोगी को भी मुफ्त यात्रा करा सकेंगी। यदि महिला के साथ एक से अधिक लोग सफर करते हैं, तो महिला और केवल एक सहयोगी का टिकट ही निशुल्क होगा। अन्य यात्रियों को निर्धारित किराया देना होगा।

सीएम योगी ने अधिकारियों को दिए निर्देश

रक्षाबंधन के मद्देनजर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सरकारी आवास पर परिवहन विभाग, नगर विकास, पुलिस और यातायात विभाग के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और महिलाओं की सुरक्षित व सुविधाजनक घर वापसी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि त्योहार के दौरान महिला यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए बसों के संचालन और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए।

900 से ज्यादा बसों में भी मिलेगी सुविधा

सीएम योगी ने नगर विकास विभाग की 900 से अधिक बसों में भी रक्षाबंधन के दौरान महिलाओं के लिए निशुल्क यात्रा की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही निजी बसों, ऑटो और टैक्सी चालकों के सत्यापन पर भी जोर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने सभी जिलों में 25 अगस्त तक बस, टैक्सी और ऑटो-टेम्पो यूनियनों के साथ समन्वय बैठक करने के निर्देश दिए। इसके अलावा मथुरा-वृंदावन, अयोध्या, वाराणसी, प्रयागराज, चित्रकूट, विंध्याचल-मिर्जापुर और गोरखपुर जैसे प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर विशेष यातायात व्यवस्था करने को कहा गया है। रक्षाबंधन के दौरान भीड़ को देखते हुए प्रशासन को सुरक्षा, यातायात और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम करने होंगे।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close