‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान को मिला जबरदस्त रिस्पॉन्स, 52 हजार से ज्यादा छात्रों ने अपलोड किए निबंध

देहरादून, 19 अगस्त 2026: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आह्वान पर शुरू किए गए ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान को छात्रों का शानदार समर्थन मिल रहा है। ‘CM विद्यार्थी मंथन डॉट कॉम’ पोर्टल पर अब तक 52 हजार से ज्यादा विद्यार्थियों ने अपने निबंध लिखकर ऑनलाइन अपलोड कर दिए हैं।
सीएम धामी का Gen-Z से संवाद
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 10 अगस्त को करीब तीन लाख कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के साथ ऑनलाइन संवाद किया था। इस दौरान उन्होंने छात्रों से उत्तराखंड के विकास को लेकर अपने विजन और विचार निबंध के माध्यम से साझा करने का आह्वान किया था। अभियान के तहत विद्यार्थियों को पर्यटन, रोजगार, सामाजिक विकास, वन एवं पर्यावरण, शिक्षा, स्वास्थ्य और तकनीक जैसे विषयों पर अपने विचार रखने का मौका दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा था कि छात्रों द्वारा भेजे गए विचारों का वह स्वयं अवलोकन करेंगे और बेहतर सुझावों को राज्य की नीतियों में शामिल करने की दिशा में काम किया जाएगा।
140 विद्यार्थियों के साथ होगा विशेष संवाद
सीएम धामी ने अभियान में सबसे बेहतर 140 विचार लिखने वाले विद्यार्थियों के साथ शासन के सचिवों की मौजूदगी में चर्चा करने की बात कही है। इसके अलावा चयनित विद्यार्थियों को करियर और परीक्षा की तैयारियों में मदद के लिए स्कॉलरशिप देने के साथ अन्य पुरस्कार भी दिए जाने की घोषणा की गई है। इसी के बाद प्रदेशभर से विद्यार्थियों की ऑनलाइन प्रविष्टियां लगातार पोर्टल पर पहुंच रही हैं और इनकी संख्या अब 52 हजार के पार हो गई है।
निबंध अपलोड करते ही मिल रहा प्रमाण पत्र
अभियान के तहत निबंध अपलोड करने के बाद विद्यार्थियों को ऑनलाइन प्रमाण पत्र भी दिया जा रहा है। इससे छात्रों में अभियान को लेकर उत्साह बढ़ रहा है। अभियान के संयोजक डॉ. राहुल अग्रवाल ने बताया कि यह देश में अपनी तरह का पहला अभियान है, जिसमें Gen-Z के साथ Gen-Alpha पीढ़ी के विद्यार्थी भी हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी और निजी स्कूलों के छात्रों का अभियान को व्यापक समर्थन मिल रहा है और लगातार अलग-अलग क्षेत्रों से निबंध पोर्टल पर अपलोड किए जा रहे हैं।
24 अगस्त तक भेज सकते हैं निबंध
‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान में शामिल होने के लिए विद्यार्थी 24 अगस्त तक अपने निबंध ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड कर सकते हैं। बताया गया है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं इस अभियान की मॉनिटरिंग कर रहे हैं और इसकी प्रगति की रोजाना समीक्षा कर रहे हैं। इससे साफ है कि सरकार इस अभियान के जरिए युवाओं के विचारों को विकास की योजनाओं से जोड़ने को खास महत्व दे रही है।



