अंजलि अरोड़ा बनीं सीता तो भड़के यूजर्स, ‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ के टीजर पर उठे सवाल

नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ इन दिनों लगातार चर्चा में है। इसी बीच रामायण की कहानी पर आधारित एक और फिल्म ‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ सुर्खियों में आ गई है। फिल्म का टीजर रिलीज हो चुका है, जिसमें अंजलि अरोड़ा देवी सीता के किरदार में नजर आ रही हैं। वहीं, नितेश तिवारी की ‘रामायण’ में साई पल्लवी मां सीता की भूमिका निभा रही हैं।
सीता के किरदार में अंजलि अरोड़ा को देखकर उठे सवाल
अंजलि अरोड़ा सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय हैं। वह ‘कच्चा बादाम’ गाने पर बनाए गए वीडियो से रातों-रात चर्चा में आई थीं। उनका नाम कथित MMS विवाद को लेकर भी सुर्खियों में रहा है, हालांकि अंजलि ने उस वीडियो में खुद के होने से इनकार किया था। अब ‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ के टीजर में उन्हें सीता के रूप में देखकर सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने सवाल खड़े किए हैं। कई लोगों ने उनके पुराने विवादों को आधार बनाकर इस कास्टिंग पर आपत्ति जताई और मेकर्स की पसंद पर नाराजगी जाहिर की।
सोशल मीडिया पर यूजर्स ने साधा निशाना
टीजर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर अंजलि अरोड़ा की कास्टिंग को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। एक यूजर ने तंज कसते हुए लिखा, “कच्चा बादाम वाली को सीता बना दिया और हनुमान दिखने वाले को राम।” वहीं, एक अन्य यूजर ने लिखा, “काश, कभी सीता की तरह भी इसका चरित्र होता।” एक यूजर ने मेकर्स पर निशाना साधते हुए कहा, “हिम्मत को देखो मेकर्स की।” वहीं दूसरे कमेंट में लिखा गया, “क्या आप सीता मैया को जानती हैं? द ग्रेट अंजलि अरोड़ा।” हालांकि, सोशल मीडिया पर मिल रही प्रतिक्रियाएं यूजर्स की व्यक्तिगत राय हैं। फिल्म में अंजलि अरोड़ा का सीता के किरदार में प्रदर्शन कैसा होगा, यह फिल्म रिलीज होने के बाद ही स्पष्ट होगा।



