महाराष्ट्र के नासिक में फिर कांपी धरती, एक हफ्ते में दूसरी बार महसूस हुए भूकंप के झटके

महाराष्ट्र के नासिक में शुक्रवार (14 अगस्त) तड़के एक बार फिर भूकंप के झटके महसूस किए गए। सुबह करीब 5:32 बजे आए इस भूकंप के बाद लोग एहतियातन घरों से बाहर निकल आए। राहत की बात यह रही कि अब तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.4 दर्ज की गई। भूकंप का केंद्र नासिक जिले के सुरगाणा तालुका क्षेत्र में बताया गया है।
एक सप्ताह में दूसरी बार हिली धरती
नासिक में पिछले एक सप्ताह के भीतर दूसरी बार भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। इससे पहले बीते सप्ताह शनिवार देर रात और रविवार तड़के भी इलाके में हल्के भूकंप के झटके आए थे। वहीं, हाल के दिनों में महाराष्ट्र के पालघर जिले में भी भूकंप दर्ज किया गया था। लगातार आ रहे झटकों से स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है।
प्रशासन अलर्ट, नुकसान की कोई सूचना नहीं
प्रशासन ने बताया कि फिलहाल किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि, संबंधित एजेंसियां स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सतर्क हैं।
भूकंप के दौरान क्या करें?
आपदा प्रबंधन एजेंसियां भूकंप के समय “झुको, ढको और पकड़ो” (Drop, Cover, Hold On) का पालन करने की सलाह देती हैं।
- झुको: तुरंत नीचे बैठ जाएं या जमीन पर झुक जाएं।
- ढको: अपने सिर और गर्दन को हाथों से ढकें या किसी मजबूत मेज के नीचे शरण लें।
- पकड़ो: मेज या सुरक्षित सहारे को मजबूती से पकड़कर रखें, जब तक झटके पूरी तरह बंद न हो जाएं।
विशेषज्ञों के अनुसार, रिक्टर स्केल पर 7.0 या उससे अधिक तीव्रता वाले भूकंप को गंभीर श्रेणी में माना जाता है, जबकि 3.4 तीव्रता का भूकंप सामान्यतः हल्का माना जाता है।







