Main Slideराष्ट्रीय

सुखबीर सिंह बादल पर हमले का आरोपी दो साल से गुरुद्वारे में था सेवादार, पूछताछ में पंजाब के नशे का किया जिक्र

महाराष्ट्र के नांदेड़ में शिरोमणि अकाली दल (SAD) के अध्यक्ष और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले की जांच में नए तथ्य सामने आए हैं। पुलिस के अनुसार, हमला करने वाला आरोपी पिछले दो वर्षों से गुरुद्वारा माता साहिब देवान जी मुगत में सेवादार के रूप में कार्यरत था। शुरुआती पूछताछ में उसने पंजाब में बढ़ती नशे की समस्या का जिक्र किया है, हालांकि हमले के वास्तविक कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है।

दो साल से गुरुद्वारे में कर रहा था सेवा

नांदेड़ पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान जसपाल सिंह के रूप में हुई है, जिसकी उम्र करीब 60 से 62 वर्ष बताई जा रही है। वह निहंग समुदाय से जुड़ा है और पिछले दो साल से गुरुद्वारे में सेवादार के तौर पर सेवा दे रहा था। मूल रूप से वह पुणे का रहने वाला है, जबकि उसका परिवार वहीं रहता है। नांदेड़ में वह अकेले रह रहा था।

पूछताछ में पंजाब के नशे की समस्या का जिक्र

नांदेड़ के पुलिस अधीक्षक (SP) नीलाभ रोहन ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने पंजाब में नशे की समस्या को लेकर नाराजगी जाहिर की है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि हमले के पीछे की वास्तविक वजह का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।

ATS भी जांच में जुटी

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसका आपराधिक रिकॉर्ड तथा संभावित संगठनात्मक संबंधों की जांच की जा रही है। महाराष्ट्र एंटी-टेररिज्म स्क्वॉड (ATS) भी इस मामले की जांच में स्थानीय पुलिस के साथ शामिल है। एसपी नीलाभ रोहन ने बताया कि आरोपी के पास कानून और कॉमर्स की डिग्रियां हैं तथा फिलहाल उसके किसी आपराधिक गिरोह या संगठन से जुड़े होने के सबूत नहीं मिले हैं।

कृपाण से किया गया था हमला

गुरुवार दोपहर करीब 1:45 बजे नांदेड़ से लगभग 15 किलोमीटर दूर स्थित गुरुद्वारा माता साहिब देवान जी मुगत में सुखबीर सिंह बादल पर धारदार हथियार (कृपाण) से हमला किया गया था। हमले में उनके हाथ में चोट आई, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उनके दाहिने हाथ में 4 से 5 टांके लगाए। पुलिस के अनुसार, उनकी हालत फिलहाल स्थिर है और मामले की जांच जारी है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close