Main Slideउत्तर प्रदेशप्रदेश

लखनऊ में सीएम योगी ने किया ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का शुभारंभ, 25-30 हजार युवाओं संग निकाली तिरंगा यात्रा

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लखनऊ में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का शुभारंभ किया। इसके बाद मुख्यमंत्री आवास 5 कालिदास मार्ग से विधान भवन तक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में भाजपा नेताओं और जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं, कलाकार और आम लोग शामिल हुए। अभियान के शुभारंभ अवसर पर सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम’ का गान किया गया। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए अपील की कि सभी लोग अपने घरों पर तिरंगा फहराकर देश के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति का संदेश दें।

‘तिरंगा भारत की आन-बान-शान का प्रतीक’

सीएम योगी ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि भारत की सादगी, विकास, विरासत और आन-बान-शान का प्रतीक है। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के क्रांतिकारियों, शहीदों, सैनिकों और संविधान निर्माताओं को नमन करते हुए उनके योगदान को याद किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की ओर से देशभर में तिरंगा यात्राओं का आयोजन क्रांतिकारियों और स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए किया जा रहा है।

‘राष्ट्र प्रथम’ का मंत्र युवाओं के लिए प्रेरणा

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में इसके सामूहिक गायन का आयोजन हो रहा है। साथ ही, काकोरी ट्रेन एक्शन की ऐतिहासिक घटना को याद करते हुए उन्होंने पंडित राम प्रसाद बिस्मिल, ठाकुर रोशन सिंह और अशफाक उल्ला खां के बलिदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि यह तिरंगा यात्रा हुतात्माओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘राष्ट्र प्रथम’ के संकल्प को आगे बढ़ाने का माध्यम है।

25-30 हजार युवाओं ने लिया हिस्सा

तिरंगा यात्रा में युवाओं की बड़ी भागीदारी से उत्साहित मुख्यमंत्री ने कहा कि लखनऊ में करीब 25 से 30 हजार युवा राष्ट्र प्रथम के संकल्प के साथ इस यात्रा में शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि युवा ऊर्जा और प्रतिभा का प्रतीक हैं और देश की हर चुनौती का सामना करने का सामर्थ्य रखते हैं। सीएम ने कहा कि युवाओं को ऐसा मंच मिलना चाहिए, जहां वे शिक्षा और कौशल के साथ-साथ देश और समाज की चुनौतियों के लिए भी खुद को तैयार कर सकें।

‘कुछ लोगों के लिए सत्ता सर्वोपरि, पीएम मोदी के लिए राष्ट्र प्रथम’

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आजादी के बाद देश के राष्ट्रीय प्रतीकों को वह सम्मान दिलाने के प्रयास, जो पहले होने चाहिए थे, उन्हें पूरा होने में दशकों लग गए। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों के लिए सत्ता सर्वोपरि रही, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए राष्ट्र प्रथम है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने देश के युवाओं, किसानों, गरीबों और महिलाओं के सशक्तिकरण के साथ राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान को भी प्राथमिकता दी है।

‘हर घर पर फहराएं तिरंगा’

सीएम योगी ने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस से पहले अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तिरंगा फहराने से जुड़े नियमों में बदलाव किया गया, जिससे देश के नागरिक अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहरा सकें।

राष्ट्रभक्ति और अनुशासन का दिखा संगम

मुख्यमंत्री के नेतृत्व में 5 कालिदास मार्ग से विधान भवन तक निकली तिरंगा यात्रा में देशभक्ति गीतों और ‘वंदे मातरम’ तथा ‘भारत माता की जय’ के नारों से माहौल राष्ट्रभक्ति से सराबोर रहा। मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ सेल्फी ली और उनका उत्साह बढ़ाया। विधान भवन के सामने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुब्बारे उड़ाकर तिरंगा यात्रा का समापन किया। यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close