Main Slideराष्ट्रीय

JPSC-JSSC विवाद: 16 दिन से जारी छात्र आंदोलन के बीच झुकती दिखी झारखंड सरकार, 14वीं JPSC PT रद्द करने पर विचार

झारखंड की राजधानी रांची में प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी के खिलाफ छात्रों का आंदोलन लगातार 16वें दिन भी जारी है। प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों ने मांगें पूरी नहीं होने पर 10 अगस्त को विधानसभा भवन का घेराव करने की चेतावनी दी है। इस बीच सूत्रों के मुताबिक, झारखंड सरकार छात्रों की मांगों पर नरम पड़ती दिखाई दे रही है।

सूत्रों के अनुसार, सरकार 14वीं JPSC प्रारंभिक परीक्षा (PT) रद्द करने पर विचार कर रही है। इसके अलावा जिन अन्य परीक्षाओं में अभ्यर्थियों ने गड़बड़ी के आरोप लगाए हैं, उन्हें लेकर भी सरकार कार्रवाई कर सकती है। जांच के मुद्दे पर सीआईडी या सीबीआई जांच के बजाय न्यायिक जांच कराने को लेकर भी सहमति बनाने की कोशिश की जा रही है।

सरकार और छात्रों के बीच बातचीत जारी

फिलहाल झारखंड सरकार के मंत्रियों और प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों के प्रतिनिधियों के बीच बातचीत का दौर जारी है। रांची में अलग-अलग संगठनों के बैनर तले छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं। इनमें JPSC-JSSC अभ्यर्थी न्याय मंच और देवेंद्र मेहतो ग्रुप प्रमुख हैं। इनके अलावा ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन और NSUI के कार्यकर्ता भी आंदोलन में शामिल हैं। सरकार की ओर से मुख्य रूप से JPSC-JSSC अभ्यर्थी न्याय मंच और देवेंद्र मेहतो ग्रुप के प्रतिनिधियों से बातचीत की जा रही है।

दो दौर की वार्ता से नहीं निकला समाधान

सरकार और छात्रों के बीच शुक्रवार और शनिवार को दो दौर की बातचीत हो चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका है। पहली वार्ता शुक्रवार रात हुई, जबकि शनिवार दोपहर दूसरे दौर की बातचीत हुई।  10 अगस्त के विधानसभा घेराव के ऐलान से पहले रविवार को होने वाली बैठक को काफी अहम माना जा रहा है। इसी बैठक के बाद छात्र संगठनों की आगे की रणनीति तय हो सकती है।

जयराम महतो ने छात्रों के समर्थन में किया निर्जला अनशन

विधायक जयराम महतो भी छात्र आंदोलन के समर्थन में उतर आए हैं। उन्होंने रविवार सुबह से रांची के पुराने विधानसभा परिसर में 24 घंटे का निर्जला अनशन शुरू किया है। जयराम महतो ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित धांधली के खिलाफ जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में चल रहे छात्र आंदोलन और भूख हड़ताल के समर्थन में वह 9 अगस्त को सुबह 6 बजे से एक दिवसीय निर्जला अनशन पर बैठेंगे।

JPSC के तीन मौजूदा सदस्यों को CID का समन

14वीं JPSC सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा में कथित गड़बड़ी की जांच कर रही CID ने आयोग के तीन मौजूदा सदस्यों को पूछताछ के लिए समन जारी किया है। आयोग की सदस्य डॉ. अजिता भट्टाचार्य, डॉ. अनिमा हांसदा और डॉ. जमाल अहमद से सोमवार से पूछताछ की जाएगी। तीनों सदस्यों की नियुक्ति 2 सितंबर 2021 को हुई थी। CID परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े फैसलों और पूरे घटनाक्रम को लेकर उनसे जानकारी हासिल करेगी।

छात्र आंदोलन के समर्थन में रांची पहुंचा CJP प्रतिनिधिमंडल

JPSC-JSSC अभ्यर्थियों के आंदोलन को ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) का भी समर्थन मिला है। पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल रांची पहुंचा और प्रदर्शनकारी छात्रों के साथ खड़े होने का ऐलान किया। CJP प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि झारखंड के छात्रों के साथ अन्याय के खिलाफ पार्टी उनके साथ खड़ी है। प्रतिनिधिमंडल के मुताबिक, जहां भी छात्रों के अधिकारों का हनन होगा, वहां CJP उनके समर्थन में आवाज उठाएगी।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close