Main Slideप्रदेश

कोढ़ा को मिली बड़ी सौगात: बिहार सरकार ने ट्रॉमा एवं इमरजेंसी सेंटर को दी मंजूरी, हादसों में समय पर मिलेगा इलाज

बिहार के कटिहार जिले के कोढ़ा विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। राज्य सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने कोढ़ा में अत्याधुनिक ट्रॉमा एवं इमरजेंसी सेंटर के निर्माण को प्रशासनिक स्वीकृति दे दी है। लंबे समय से क्षेत्र में बेहतर आपातकालीन स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग की जा रही थी। सरकार के इस फैसले से स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है।

अब नहीं लगानी पड़ेगी कटिहार और पूर्णिया की दौड़

कोढ़ा से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर अक्सर सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। गंभीर रूप से घायल मरीजों को इलाज के लिए कटिहार सदर अस्पताल या पूर्णिया मेडिकल कॉलेज रेफर करना पड़ता था, जिससे कई बार इलाज में देरी हो जाती थी। नए ट्रॉमा एवं इमरजेंसी सेंटर के शुरू होने के बाद दुर्घटना पीड़ितों, हार्ट अटैक और अन्य गंभीर मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही तत्काल उपचार मिल सकेगा। यहां वेंटिलेटर, लाइफ सपोर्ट सिस्टम और अन्य आधुनिक जीवनरक्षक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

विधायक कविता पासवान ने बताया ऐतिहासिक फैसला

कोढ़ा की भाजपा विधायक कविता पासवान ने इस परियोजना को क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक सरकारी परियोजना नहीं, बल्कि कोढ़ा के लोगों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक बड़ा कदम है। विधायक ने कहा कि परियोजना के जल्द निर्माण के लिए सरकार और जिला प्रशासन से उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है, ताकि जल्द शिलान्यास कर निर्माण कार्य शुरू किया जा सके।

आसपास के क्षेत्रों को भी मिलेगा लाभ

इस ट्रॉमा सेंटर के बनने से केवल कोढ़ा ही नहीं, बल्कि आसपास के कई प्रखंडों और पंचायतों के हजारों लोगों को भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा। आपातकालीन स्थिति में मरीजों को दूर के अस्पतालों में रेफर करने की आवश्यकता काफी हद तक कम हो जाएगी।

24 घंटे उपलब्ध रहेंगी आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, प्रस्तावित ट्रॉमा एवं इमरजेंसी सेंटर में 24×7 विशेषज्ञ डॉक्टर, प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ, अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरण और एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इससे सड़क दुर्घटनाओं और अन्य गंभीर मामलों में मरीजों को समय पर उपचार मिल सकेगा और जान बचाने की संभावनाएं बढ़ेंगी। विधायक कविता पासवान ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और रोजगार उनके क्षेत्र की प्राथमिकताएं हैं तथा कोढ़ा के समग्र विकास के लिए उनका प्रयास लगातार जारी रहेगा।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close