Main Slideराष्ट्रीय

देशभर में मानसून का कहर: दिल्ली-यूपी समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, केरल में रेड अलर्ट और बाढ़ से बिगड़े हालात

देशभर में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। पिछले 24 घंटों से दिल्ली समेत कई राज्यों में लगातार बारिश हो रही है और आने वाले दिनों में भी राहत मिलने के आसार नहीं हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने उत्तर प्रदेश, केरल, हिमाचल प्रदेश और पूर्वोत्तर के कई हिस्सों में भारी बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। वहीं, अरुणाचल प्रदेश और मेघालय के कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी वर्षा की संभावना जताई गई है।

दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, केरल और माहे में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश का अनुमान है। आंध्र प्रदेश, तटीय कर्नाटक, लक्षद्वीप और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में भी मौसम खराब रहने की संभावना है। IMD के मुताबिक, 5 से 6 अगस्त के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली, पंजाब और पूर्वी राजस्थान में झमाझम बारिश हो सकती है। वहीं, छत्तीसगढ़ में 5 से 10 अगस्त तक भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। बिहार और झारखंड में 8 अगस्त तक वर्षा जारी रहने का अनुमान है, जबकि ओडिशा में 5 और 6 अगस्त को कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है।

केरल के आठ जिलों में रेड अलर्ट

केरल में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए आठ जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। पथानामथिट्टा, इडुक्की, कोट्टायम, एर्नाकुलम, कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान 204 मिमी से अधिक बारिश होने की आशंका है। वहीं, मलप्पुरम, पलक्कड़, त्रिशूर और अलाप्पुझा में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

कई राज्यों में बाढ़ जैसे हालात

लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण केरल, ओडिशा, असम और गुजरात समेत कई राज्यों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। केरल में 1 अगस्त से अब तक बारिश से जुड़ी घटनाओं में 25 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि चार लोग लापता हैं और 10 लोग घायल हुए हैं। इस दौरान 52 मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि 565 घरों को आंशिक नुकसान पहुंचा है। हजारों लोगों को राहत शिविरों में शरण लेनी पड़ी है और कई रेल सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। उधर, ओडिशा के जाजपुर, भद्रक और जगतसिंहपुर जिलों के कई गांव अब भी बाढ़ के पानी में घिरे हुए हैं। बड़ी संख्या में लोग राहत शिविरों में रह रहे हैं। वहीं, गुजरात के कई हिस्सों में भी बाढ़ के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है और प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में जुटा हुआ है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close