Main Slideउत्तर प्रदेशप्रदेश

प्रयागराज में संगम स्नान के दौरान BJP नेता के भाई की हार्ट अटैक से मौत, नाव में बिगड़ी थी तबीयत

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में संगम स्नान के दौरान मथुरा निवासी विष्णु ठाकुर (38) की कथित तौर पर हार्ट अटैक आने से मौत हो गई। वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मथुरा जिला मंत्री रणवीर ठाकुर के बड़े भाई थे। इस घटना के बाद परिवार, शुभचिंतकों और भाजपा कार्यकर्ताओं में शोक की लहर है।

जानकारी के अनुसार, विष्णु ठाकुर अपने परिवार के साथ धार्मिक यात्रा पर प्रयागराज पहुंचे थे। संगम स्नान के लिए नाव से जा रहे थे, तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह नाव में ही गिर पड़े। परिजन और स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने विष्णु ठाकुर के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल देने की प्रार्थना की है। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

हाल ही में BJP नेता की भी हुई थी हार्ट अटैक से मौत

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष और नगर निगम पार्षद लोकेश डेहरिया का भी हार्ट अटैक से निधन हो गया था। 16 जुलाई को अपने वार्ड के दौरे के दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close