Main Slideउत्तर प्रदेशप्रदेश

लखनऊ के कठवारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की छतें जर्जर, किसी बड़े हादसे का इंतज़ार कर रहा प्रशासन?

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बख्शी का तालाब विधानसभा क्षेत्र से स्वास्थ्य व्यवस्था की बदहाली की एक चिंताजनक तस्वीर सामने आई है। प्रसिद्ध मां चंद्रिका देवी मंदिर के समीप स्थित ग्राम कठवारा का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) आज अपनी दुर्दशा पर आंसू बहाने को मजबूर है। वीआईपी मूवमेंट और बड़े-बड़े दावों के बीच इस बुनियादी स्वास्थ्य केंद्र की हालत बद से बदतर हो चुकी है।

​​वीआईपी की आवाजाही, पर विकास से कोसों दूर

​मां चंद्रिका देवी के दरबार में हर सप्ताह कई माननीय विधायक, मंत्री और वीआईपी दर्शन-पूजन के लिए आते हैं। लेकिन मंदिर से महज कुछ ही दूरी पर स्थित इस प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की जर्जर हालत देखने का समय किसी भी जनप्रतिनिधि या अधिकारी के पास नहीं है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि नेता और अधिकारी आते तो हैं, लेकिन इस बदहाली को देखना ही नहीं चाहते।

स्वास्थ्य मंत्री के दौरे के बाद भी नहीं बदली सूरत

​हैरानी की बात यह है कि अभी कुछ समय पूर्व प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक भी सपरिवार मां चंद्रिका देवी के दर्शन करने आए थे। लेकिन विडंबना देखिए कि अपने सख्त तेवरों और औचक निरीक्षणों के लिए पहचाने जाने वाले स्वास्थ्य मंत्री के पास भी अपने ही विभाग के इस केंद्र की सुध लेने का समय नहीं था। यदि राजधानी में स्वास्थ्य मंत्री के नाक के नीचे यह स्थिति है, तो दूर-दराज के जनपदों और ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं का क्या हाल होगा, इसका अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है।

 

टपकती छतें और मंडराता खतरा

​कठवारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की इमारत इस समय बेहद संवेदनशील स्थिति में है। बरसात के मौसम में केंद्र की छतों से लगातार पानी टपकता रहता है। जर्जर हो चुकी इस बिल्डिंग में कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है और किसी भी अप्रिय घटना से इनकार नहीं किया जा सकता। यहां आने वाले मरीज और ड्यूटी पर तैनात स्वास्थ्यकर्मी, दोनों ही हर वक्त एक बड़े खतरे के साये में रहने को मजबूर हैं।

​ग्रामीणों ने लगाई गुहार

​स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि स्वास्थ्य केंद्र की इस दुर्दशा के कारण उन्हें मामूली इलाज के लिए भी दूर जाना पड़ता है। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि राजनीति और दौरों से इतर, इस स्वास्थ्य केंद्र की सुध ली जाए और जल्द से जल्द इसकी मरम्मत कराई जाए ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर इलाज मिल सके।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close