रोहित शर्मा का बड़ा रिकॉर्ड टूटा, ऑस्ट्रिया के करणबीर सिंह बने टी20I में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज

ऑस्ट्रिया क्रिकेट टीम के कप्तान करणबीर सिंह ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में नया इतिहास रच दिया है। हंगरी के खिलाफ 28 जून को खेले गए मुकाबले में उन्होंने 57 गेंदों पर 164 रनों की विस्फोटक पारी खेली और इसी के साथ भारत के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा का सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया।
करणबीर सिंह ने अपनी पारी में 18 चौके और 12 छक्के जड़े। इस प्रदर्शन के बाद उनके नाम टी20 इंटरनेशनल में कुल 207 छक्के हो गए हैं, जिससे वह इस फॉर्मेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम था, जिन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने से पहले 205 छक्के लगाए थे।
सिर्फ 60 मैचों में बनाया रिकॉर्ड
करणबीर सिंह ने यह उपलब्धि महज 60 टी20 इंटरनेशनल मैचों में हासिल की। उन्होंने 59 पारियों में 48.71 की औसत से 2533 रन बनाए हैं और अब तक चार शतक तथा 20 अर्धशतक भी जड़ चुके हैं। वहीं, रोहित शर्मा ने 159 टी20 इंटरनेशनल मैचों की 151 पारियों में 4231 रन बनाए थे। 32.05 की औसत से बल्लेबाजी करते हुए वह इस प्रारूप में 200 या उससे अधिक छक्के लगाने वाले पहले खिलाड़ी बने थे।
टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज
- करणबीर सिंह (ऑस्ट्रिया) – 207 छक्के
- रोहित शर्मा (भारत) – 205 छक्के
- मुहम्मद वसीम (यूएई) – 196 छक्के
- सूर्यकुमार यादव (भारत) – 179 छक्के
- जोस बटलर (इंग्लैंड) – 175 छक्के
ऑस्ट्रिया ने बनाया टी20 इंटरनेशनल का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर
हंगरी के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज के अंतिम मुकाबले में ऑस्ट्रिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 322 रन बनाए। कप्तान करणबीर सिंह की 164 रन की तूफानी पारी के अलावा अबिदुल्लाह कोटवा ने 26 गेंदों में 93 रन बनाए। इस शानदार प्रदर्शन के साथ ऑस्ट्रिया ने टी20 इंटरनेशनल इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा टीम स्कोर भी दर्ज कर लिया। इस सूची में पहला स्थान जिम्बाब्वे के नाम है, जिसने 2024 में गाम्बिया के खिलाफ 344 रन बनाए थे।







