कानपुर: VIP रोड पर फॉर्च्यूनर सवार युवकों का हंगामा, बाइक सवार से मारपीट का आरोप, पुलिसकर्मी को भी दी धमकी

कानपुर: शहर की वीआईपी रोड पर रविवार देर रात तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार और बाइक की टक्कर के बाद जमकर हंगामा हो गया। आरोप है कि एसयूवी में सवार युवकों ने बाइक सवार के साथ मारपीट की, उसे जबरन गाड़ी में बैठाने की कोशिश की और बीच-बचाव करने पहुंचे ट्रैफिक पुलिसकर्मी को भी धमकाया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
टक्कर के बाद बढ़ा विवाद
जानकारी के मुताबिक, ग्रीन पार्क चौराहे के पास डीएवी कॉलेज की ओर से आ रही एक फॉर्च्यूनर ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे के बाद जब बाइक सवार ने विरोध किया तो कार से उतरे युवकों ने उसके साथ कथित तौर पर गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान पीछे से आई दूसरी कार में सवार कुछ युवक भी मौके पर पहुंचे और विवाद में शामिल हो गए।
जबरन गाड़ी में बैठाने की कोशिश का आरोप
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी घायल युवक को जबरन अपनी गाड़ी में बैठाकर ले जाने का प्रयास कर रहे थे। हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर युवक को बचा लिया। घटना के दौरान चौराहे पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा और लोगों की भीड़ जमा हो गई।
पुलिसकर्मी को भी दी धमकी
मौके पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने हालात बिगड़ते देख वायरलेस के जरिए कंट्रोल रूम से अतिरिक्त पुलिस बल भेजने की मांग की। वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी कहते सुनाई दे रहे हैं, “सर, जल्दी फोर्स भेजिए। ये लोग मारपीट कर रहे हैं और युवक को गाड़ी में बैठाकर ले जाने की कोशिश कर रहे हैं।”
बताया जा रहा है कि जब पुलिसकर्मी ने घटना का वीडियो रिकॉर्ड करना शुरू किया तो आरोपी भड़क गए। वायरल वीडियो में एक युवक कथित तौर पर पुलिसकर्मी से कहता सुनाई देता है, “हमारे ताऊ सांसद हैं, बात कर लो… बहुत वीडियो बना रहे हो, नाम क्या है तुम्हारा?” इसके बाद आरोपी अपनी गाड़ियों में बैठकर मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि वायरल वीडियो और ऑडियो की जांच की जा रही है। गाड़ियों के नंबर और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।







