करण औजला के गानों पर झूमे विराट कोहली, बोले- ‘मैं उनका बहुत बड़ा फैन हूं’, वीडियो हुआ वायरल

भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली एक बार फिर अपने अंदाज को लेकर सुर्खियों में हैं। इस बार चर्चा उनकी बल्लेबाजी नहीं, बल्कि पंजाबी सिंगर करण औजला के प्रति उनके प्यार और प्रशंसा की हो रही है। गुरुग्राम में आयोजित एक खास कार्यक्रम के दौरान विराट कोहली का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह करण औजला के गानों पर झूमते और उनके साथ गुनगुनाते नजर आ रहे हैं।
दरअसल, विराट कोहली ने गुरुग्राम में अपने लाइफस्टाइल ब्रांड ‘One8’ के नए लॉन्च इवेंट में हिस्सा लिया था। रविवार रात द्वारका एक्सप्रेसवे स्थित इंडिया इंटरनेशनल कन्वेंशन एंड एक्सपो सेंटर में आयोजित इस कार्यक्रम में पंजाबी संगीत जगत के लोकप्रिय गायक करण औजला ने अपनी प्रस्तुति से माहौल को खास बना दिया।
इवेंट के दौरान विराट कोहली का अलग ही अंदाज देखने को मिला। औजला के गानों पर वह खुद को थिरकने से नहीं रोक पाए और स्टेज पर उनके साथ गाने भी गुनगुनाते नजर आए। कोहली के इस अंदाज ने फैंस का दिल जीत लिया और कार्यक्रम के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए।
कार्यक्रम में विराट कोहली ने खुलकर बताया कि वह करण औजला के बड़े प्रशंसक हैं। उन्होंने कहा, “मैं करण औजला का बहुत बड़ा फैन हूं। आप दिल से गाने लिखते हैं और यह बात आपके हर गीत में दिखाई देती है। आप अपनी जिंदगी की कहानी अपने गानों के जरिए बयां करते हैं, जो बेहद खास है।”
कोहली ने आगे बताया कि करण औजला का गीत ‘विनिंग स्पीच’ उनका पसंदीदा गाना है। उन्होंने कहा, “यह गाना आपके जीवन के सफर को दर्शाता है, लेकिन इसमें मुझे अपने जीवन की यात्रा की भी झलक दिखाई देती है। यही वजह है कि यह गाना मेरे लिए बेहद खास है। मैच खेलने जाने से पहले भी मैं इसे कई बार सुनता हूं।”
विराट कोहली और करण औजला की इस खास मुलाकात ने फैंस को एक अलग ही अंदाज में अपने पसंदीदा क्रिकेटर को देखने का मौका दिया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को फैंस खूब पसंद कर रहे हैं।







