Main Slideराष्ट्रीय

खान सर पर गिरफ्तारी का खतरा बरकरार, फायरिंग विवाद के बीच कोचिंग में मिलीं सुरक्षा खामियां

पटना के चर्चित शिक्षक खान सर एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। मुसल्लहपुर स्थित उनके कोचिंग संस्थान ‘खान ग्लोबल स्टडीज’ में 2 जून की रात हुई मारपीट और फायरिंग की घटना के बाद मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। पुलिस ने इस केस में जहां उनके दो निजी सुरक्षा गार्डों को गिरफ्तार किया है, वहीं अब संस्थान में फायर सेफ्टी नियमों की अनदेखी भी सामने आई है।

घटना के बाद वायरल हुए एक वीडियो में खान सर के दो गार्ड कथित तौर पर फायरिंग करते नजर आए थे। पुलिस ने दोनों गार्डों को हिरासत में लेकर उनके हथियार जब्त कर लिए। जांच के दौरान खान सर के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई है। आरोप है कि उनके कहने पर ही गार्डों ने भीड़ को डराने के लिए फायरिंग की थी।

इधर बिहार अग्निशमन सेवा की जांच में ‘खान ग्लोबल स्टडीज’ में सुरक्षा मानकों से जुड़ी कई गंभीर खामियां मिली हैं। अग्निशमन विभाग के डीआईजी मनोज कुमार नट ने बताया कि संस्थान को कमियों को दूर करने के लिए 15 दिनों का समय दिया गया है। तय समय में सुधार नहीं होने पर कोचिंग सेंटर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सकती है।

सूत्रों के मुताबिक खान सर ने गिरफ्तारी से बचने के लिए अग्रिम जमानत की तैयारी शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि उन्होंने अपने दोनों सुरक्षा गार्डों के साथ अदालत में एंटीसिपेटरी बेल याचिका दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू की है। हालांकि शनिवार को उनके सरेंडर की चर्चाओं के बीच न तो वे कोर्ट पहुंचे और न ही आधिकारिक तौर पर कोई आत्मसमर्पण हुआ।

पटना सिविल कोर्ट के बाहर दिनभर हलचल बनी रही, लेकिन बाद में उनके वकील ने स्पष्ट किया कि सरेंडर की खबरें महज अफवाह थीं। इससे पहले खान सर ने कहा था कि वे पुलिस जांच में पूरा सहयोग करेंगे।

पटना पुलिस के मुताबिक इस पूरे मामले में दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। पहली प्राथमिकी में ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रौशन आनंद समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। दूसरी एफआईआर वायरल फायरिंग वीडियो के आधार पर दर्ज हुई, जिसमें खान सर के दोनों गार्डों को गिरफ्तार किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि घटना की जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे किसी के बहकावे में न आएं और कोचिंग संस्थानों के आपसी विवाद से दूर रहें।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close