Main Slideखेल

‘ऑस्ट्रेलिया में भी सुपरस्टार हैं विराट कोहली’, RCB की जीत के बाद ऑस्ट्रेलियाई उपप्रधानमंत्री ने की जमकर तारीफ

ऑस्ट्रेलिया के उपप्रधानमंत्री रिचर्ड मार्लेस ने आईपीएल 2026 के फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले विराट कोहली की जमकर सराहना की है। उन्होंने कहा कि कोहली सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि ऑस्ट्रेलिया में भी बेहद लोकप्रिय हैं और वहां उन्हें एक सुपरस्टार के रूप में देखा जाता है।

आईपीएल 2026 के फाइनल मुकाबले में RCB ने गुजरात टाइटंस (GT) को हराकर अपना दूसरा खिताब जीता। 156 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए बेंगलुरु ने 18वें ओवर में जीत दर्ज की। इस जीत के नायक विराट कोहली रहे, जिन्होंने 75 रन की नाबाद पारी खेली और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार अपने नाम किया। नई दिल्ली में आयोजित एक सामुदायिक कार्यक्रम के दौरान रिचर्ड मार्लेस ने कहा, “पिछले साल आईपीएल फाइनल से एक दिन पहले भी मैं भारत में था और इस बार भी ऐसा ही हुआ। इस बार हमने RCB को चैंपियन बनते देखा, जो बेहद खास रहा।”

उन्होंने कहा कि विराट कोहली की शानदार पारी के अलावा टीम में ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों जोश हेजलवुड और टिम डेविड की मौजूदगी भी उल्लेखनीय रही। मार्लेस ने कहा, “RCB की इस जीत में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मजबूत साझेदारी की झलक भी देखने को मिली।” विराट कोहली की लोकप्रियता का जिक्र करते हुए ऑस्ट्रेलियाई उपप्रधानमंत्री ने कहा, “आज के समय में कोहली ऑस्ट्रेलिया में बहुत बड़ा नाम हैं। क्रिकेट प्रेमियों के बीच उनकी जबरदस्त पहचान है और उन्हें काफी सम्मान मिलता है।”

मार्लेस ने भारतीय क्रिकेट के पुराने दौर को याद करते हुए कहा कि जब वह बड़े हो रहे थे, तब भारतीय क्रिकेट के दिग्गज कप्तान बिशन सिंह बेदी का नाम ऑस्ट्रेलिया में काफी चर्चित था। उन्होंने कहा कि क्रिकेट भारत और ऑस्ट्रेलिया दोनों देशों को जोड़ने वाला एक मजबूत माध्यम है और दोनों देशों के लोगों में इस खेल को लेकर गजब का जुनून देखने को मिलता है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close