बीजेपी ने बदले 4 राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष, दिल्ली से लेकर त्रिपुरा तक नए चेहरों पर दांव

भारतीय जनता पार्टी ने संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और त्रिपुरा के नए प्रदेश अध्यक्षों का ऐलान कर दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा को दिल्ली, अर्चना गुप्ता को हरियाणा, केवल सिंह ढिल्लों को पंजाब और अभिषेक देबरॉय को त्रिपुरा भाजपा की कमान सौंपी है।
दिल्ली में हर्ष मल्होत्रा अब वीरेंद्र सचदेवा की जगह प्रदेश अध्यक्ष का पद संभालेंगे। मल्होत्रा दिल्ली से सांसद हैं और केंद्र सरकार में मंत्री पद पर भी कार्यरत हैं। संगठनात्मक राजनीति में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। जनसंपर्क, संगठन क्षमता और विकास से जुड़े मुद्दों पर उनकी सक्रिय भूमिका रही है। भाजपा ने लोकसभा चुनाव में उन्हें गौतम गंभीर की जगह टिकट दिया था।
हरियाणा भाजपा की नई प्रदेश अध्यक्ष बनीं डॉ. अर्चना गुप्ता पार्टी की सक्रिय महिला नेताओं में गिनी जाती हैं। पेशे से डॉक्टर अर्चना गुप्ता लंबे समय से संगठन में काम कर रही हैं और महिला नेतृत्व को मजबूत करने में उनकी अहम भूमिका रही है। पार्टी नेतृत्व को उनसे संगठन विस्तार और कार्यकर्ताओं को मजबूत करने की उम्मीद है।
पंजाब में भाजपा ने सरदार केवल सिंह ढिल्लों पर भरोसा जताया है। उन्हें ऐसे समय प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है, जब राज्य में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। ढिल्लों बरनाला से दो बार विधायक रह चुके हैं और विकास कार्यों को प्राथमिकता देने वाले नेता के रूप में उनकी पहचान है। वहीं, त्रिपुरा में अभिषेक देबरॉय को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। वे लंबे समय से संगठन से जुड़े हुए हैं और पार्टी के कई अभियानों में सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं। भाजपा नेतृत्व को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में त्रिपुरा में संगठन और जनाधार दोनों मजबूत होंगे।







