व्हाइट हाउस के बाहर फायरिंग करने वाला ढेर, हमलावर की पहचान 21 वर्षीय नासिर बेस्ट के रूप में हुई

वाइट हाउस के बाहर शनिवार शाम हुई फायरिंग की घटना में सुरक्षाबलों ने हमलावर को मार गिराया। गोलीबारी के बाद अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके की सुरक्षा बढ़ा दी है। घटना के समय अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी व्हाइट हाउस में मौजूद थे। हालांकि उन्हें किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचा।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमलावर की पहचान मैरीलैंड निवासी 21 वर्षीय नासिर बेस्ट के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसने व्हाइट हाउस परिसर के पास स्थित सुरक्षा चौकी के नजदीक करीब 30 राउंड फायरिंग की। घटना आइजनहावर कार्यकारी कार्यालय भवन के पास 17वीं स्ट्रीट और पेनसिल्वेनिया एवेन्यू के चौराहे पर हुई। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, हमलावर ने सीक्रेट सर्विस एजेंटों पर गोली चलाई, जिसके जवाब में सुरक्षाकर्मियों ने कार्रवाई करते हुए उसे गोली मार दी। घायल अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नासिर बेस्ट पहले से ही अमेरिकी गुप्त सेवा की निगरानी में था। उस पर व्हाइट हाउस के प्रतिबंधित क्षेत्रों के आसपास संदिग्ध गतिविधियां करने और सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने के आरोप थे। रिपोर्ट्स के अनुसार, वह मानसिक रूप से अस्थिर बताया जा रहा है और खुद को “ईसा मसीह” कहता था।
इससे पहले भी उसे वर्ष 2025 में कई बार हिरासत में लिया जा चुका था। एक मामले में उस पर व्हाइट हाउस के प्रतिबंधित प्रवेश क्षेत्र में अवैध रूप से घुसने का आरोप लगा था। गिरफ्तारी के दौरान उसने कथित तौर पर अजीब बयान दिए थे और खुद को गिरफ्तार किए जाने की इच्छा जताई थी। हालांकि अब तक अधिकारियों ने इस हमले के पीछे किसी राजनीतिक साजिश की पुष्टि नहीं की है। घटना के बाद अमेरिकी नेताओं ने राजनीतिक हिंसा की निंदा की है। वहीं, इस घटना को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सुरक्षा में बड़ी चूक के तौर पर भी देखा जा रहा है।







