Main Slideउत्तर प्रदेशप्रदेश

नोएडा से सास के अंतिम संस्कार में आया दामाद, सरयू किनारे हाथ धोते वक्त मगरमच्छ ने बनाया शिकार

उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में सरयू नदी के किनारे एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। अपनी सास के अंतिम संस्कार में शामिल होने आए युवक को मगरमच्छ ने नदी किनारे हमला कर अपना शिकार बना लिया। युवक हाथ धोने के लिए नदी के पास गया था, तभी मगरमच्छ ने उसके सिर को जबड़े में दबोच लिया और कुछ ही सेकेंड में गहरे पानी में खींच ले गया। घाट पर मौजूद लोग चीखते-चिल्लाते रह गए, लेकिन मगरमच्छ के डर से कोई उसे बचाने के लिए पानी में नहीं उतर सका।

घटना उमरी बेगमगंज थाना क्षेत्र के सनौली मोहम्मदपुर उदयभान पाही इलाके की है। डीहा गांव निवासी बाबूलाल की बहू उर्मिला का कैंसर से निधन हो गया था। उनकी बेटी की शादी ग्रेटर नोएडा निवासी दीपक से हुई थी। सास के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए दीपक अपनी पत्नी के साथ गोंडा आया था। बुधवार दोपहर सरयू नदी किनारे अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी। दीपक चिता सजाने के लिए खूंटा गाड़ रहा था। इसके बाद वह हाथ धोने के लिए नदी के किनारे पहुंचा। जैसे ही वह नीचे झुका, अचानक मगरमच्छ ने हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मगरमच्छ ने सीधे उसका सिर पकड़ा और तेज बहाव के साथ नदी में खींच ले गया।

मौके पर मौजूद एक युवक ने बताया कि उसने दीपक को बचाने की कोशिश की, लेकिन मगरमच्छ की ताकत इतनी ज्यादा थी कि वह कुछ नहीं कर सका। इस दौरान वह खुद भी पानी में गिरते-गिरते बचा। दूसरे प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि दीपक को पहले ही उस तरफ जाने से मना किया जा रहा था, क्योंकि वहां मगरमच्छ होने का खतरा था। दीपक के दादा ससुर बाबूलाल ने रोते हुए कहा कि बहू की मौत के बाद परिवार पहले ही सदमे में था और अब दामाद को भी मगरमच्छ उठा ले गया। उन्होंने कहा कि मगरमच्छ के डर से कोई भी पानी में कूदने की हिम्मत नहीं जुटा पाया।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान चलाया गया, लेकिन देर शाम तक सफलता नहीं मिल सकी। अब लखनऊ से एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया है, जो सर्च ऑपरेशन संभालेगी। प्रशासन ने घोषणा की है कि शव बरामद होने और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिजनों को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close