हलवारा एयरपोर्ट पहुंचे CM भगवंत मान, आज लुधियाना दौरे पर रहेंगे अरविंद केजरीवाल

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान आज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट हलवारा का दौरा करेंगे। इस दौरान वह दिल्ली जाने वाली उड़ान के यात्रियों से बातचीत भी करेंगे। जिला प्रशासन की ओर से विधायक हाकम सिंह ठेकेदार, ब्लॉक प्रधान रमेश जैन समेत आम आदमी पार्टी के करीब 20 नेताओं को कार्यक्रम का निमंत्रण भेजा गया है।
गौरतलब है कि 15 मई को हलवारा एयरपोर्ट से उड़ानों के शुभारंभ कार्यक्रम से आम आदमी पार्टी ने दूरी बना ली थी। ऐसे में मुख्यमंत्री का यह दौरा राजनीतिक रूप से भी अहम माना जा रहा है। वहीं अरविंद केजरीवाल भी आज से दो दिवसीय लुधियाना दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री भगवंत मान लुधियाना एयरपोर्ट पर केजरीवाल से मुलाकात करेंगे। बताया जा रहा है कि केजरीवाल लुधियाना में पार्टी संगठन के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। इस बैठक में 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति और संगठनात्मक मजबूती पर चर्चा होने की संभावना है।







