पति पत्नी और वो 2 की बॉक्स ऑफिस पर धीमी रफ्तार, दूसरे दिन भी नहीं दिखा आयुष्मान खुराना की फिल्म का दम

आयुष्मान खुराना, सारा अली खान, रकुल प्रीत सिंह और वामिका गब्बी स्टारर कॉमेडी फिल्म ‘पति पत्नी और वो 2’ को भले ही अच्छे रिव्यू मिल रहे हों, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर इसका असर दिखाई नहीं दे रहा। रिलीज के दूसरे दिन के शुरुआती आंकड़े सामने आने के बाद मेकर्स की चिंता बढ़ सकती है। फिल्म को रिलीज से पहले सोशल मीडिया पर जबरदस्त चर्चा मिली थी। पूरी स्टारकास्ट ने भी बड़े स्तर पर प्रमोशन किया, लेकिन दर्शकों की भीड़ थिएटर तक नहीं पहुंच पाई। निर्देशक मुदस्सर अजीज की इस फिल्म ने पहले दिन भारतीय बॉक्स ऑफिस पर करीब 4 करोड़ रुपये की धीमी ओपनिंग की थी, जिसे आयुष्मान खुराना के करियर की कमजोर शुरुआतों में गिना जा रहा है।
उम्मीद थी कि वीकेंड पर फिल्म की कमाई में उछाल आएगा, लेकिन दूसरे दिन भी आंकड़े खास उत्साहजनक नहीं रहे। शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने पहले शनिवार को करीब 5.75 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। ऐसे में दो दिन की कुल कमाई उम्मीद से काफी कम मानी जा रही है। बता दें कि ‘पति पत्नी और वो 2’ साल 2019 में आई ‘पति पत्नी और वो’ का सीक्वल है, जिसमें कार्तिक आर्यन, भूमि पेडनेकर और अनन्या पांडे नजर आए थे। फिल्म का निर्माण टी-सीरीज और बी.आर. स्टूडियोज के बैनर तले भूषण कुमार और रेनू रवि चोपड़ा ने किया है। फिल्म के ट्रेलर और टाइटल को देखकर माना जा रहा था कि कहानी विवाहेतर संबंधों के इर्द-गिर्द घूमेगी, लेकिन मेकर्स ने इसमें अलग ट्विस्ट देने की कोशिश की है, जो दर्शकों को हल्के-फुल्के अंदाज में मनोरंजन करता है।







