डिजिटल जनगणना-2027 : CM योगी ने खुद भरा ऑनलाइन फॉर्म, बोले- यह सिर्फ गिनती नहीं, विकास का आधार

उत्तर प्रदेश में डिजिटल जनगणना-2027 का महाअभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसी बीच मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने गोरखपुर प्रवास के दौरान गोरखनाथ मंदिर स्थित अपने आवास पर खुद ऑनलाइन स्वगणना (सेल्फ एनुमरेशन) फॉर्म भरकर अभियान में अपनी भागीदारी दर्ज कराई। इसके साथ ही उन्होंने प्रदेशवासियों से भी इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय रूप से जुड़ने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि उन्होंने जनगणना-2027 के तहत डिजिटल माध्यम से स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी कर इस राष्ट्रीय अभियान में सहभागिता सुनिश्चित की है। उन्होंने कहा कि जनगणना केवल जनसंख्या की गिनती नहीं, बल्कि समग्र, समावेशी और योजनाबद्ध विकास की मजबूत नींव है। प्रदेश सरकार के अनुसार, भारत में पहली बार पूरी तरह डिजिटल जनगणना कराई जा रही है। इसका पहला चरण 7 मई को लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास से शुरू हुआ था। इस बार अभियान की थीम “हमारी जनगणना, हमारा विकास” रखी गई है।
7 से 21 मई तक चलने वाले स्वगणना चरण में लोग घर बैठे आधिकारिक पोर्टल पर अपनी जानकारी खुद दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए मोबाइल नंबर से लॉगिन करना होगा और मकान व परिवार से जुड़े 34 सवालों के जवाब भरने होंगे। प्रक्रिया पूरी होने के बाद 11 अंकों की एक यूनिक आईडी मिलेगी, जिसे सुरक्षित रखना जरूरी होगा। 22 मई के बाद घर पहुंचने वाले जनगणना कर्मियों को यही आईडी दिखानी होगी, जिसके आधार पर जानकारी का सत्यापन किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश की अनुमानित आबादी करीब 25.70 करोड़ है। इस बड़े अभियान के लिए सरकार ने प्रदेशभर में 5.47 लाख गणना कर्मियों की तैनाती की है। 18 मंडलों, 75 जिलों और 350 तहसीलों तक यह अभियान गांव-गांव और वार्ड-वार्ड पहुंचाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म से जनगणना की प्रक्रिया तेज होने के साथ निगरानी भी ज्यादा प्रभावी होगी।







