Main Slideराजनीति

भवानीपुर में ममता बनर्जी पीछे, सुवेंदु अधिकारी शुरुआती रुझानों में आगे

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना जारी है। सुबह 8 बजे सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गिनती शुरू हुई, जिसके बाद इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) के वोटों की गिनती शुरू की गई। राज्य की कुल 294 सीटों में से 293 सीटों पर ही मतगणना हो रही है। साउथ 24 परगना जिले की फलता सीट पर मतदान में गड़बड़ी के कारण चुनाव आयोग ने चुनाव रद्द कर दिया था।

भवानीपुर विधानसभा सीट पर इस बार मुकाबला काफी दिलचस्प बना हुआ है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इसी सीट से चुनाव लड़ रही हैं, जहां उनका सामना भाजपा उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी से है। शुरुआती रुझानों में ममता बनर्जी पीछे चल रही हैं, जबकि सुवेंदु अधिकारी बढ़त बनाए हुए हैं। अधिकारी नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों सीटों से चुनाव लड़ रहे हैं और दोनों जगह आगे बताए जा रहे हैं।

भवानीपुर को ममता बनर्जी का गढ़ माना जाता है। यहीं उनका निवास है और वह यहीं पली-बढ़ी हैं। ममता इस सीट से पहले भी कई बार जीत दर्ज कर चुकी हैं। 2011 के उपचुनाव और 2016 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने जीत हासिल की थी। 2021 में उन्होंने नंदीग्राम से चुनाव लड़ा था, जहां उन्हें सुवेंदु अधिकारी से हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद उन्होंने भवानीपुर उपचुनाव में जीत दर्ज की थी।

इस बार भवानीपुर में 86.74 प्रतिशत मतदान हुआ है, जो पिछले चुनाव के मुकाबले लगभग 10 प्रतिशत अधिक है, जिससे मुकाबला और भी रोचक हो गया है। इस बीच सुवेंदु अधिकारी ने शुरुआती रुझानों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस बार राज्य में बड़े पैमाने पर एकजुटता देखने को मिल रही है। उन्होंने यह भी कहा कि अलग-अलग वर्गों के मतदाताओं का रुझान बदला हुआ नजर आ रहा है और भाजपा को भी कुछ इलाकों में अपेक्षा से बेहतर समर्थन मिला है। उन्होंने अंतिम नतीजों के लिए इंतजार करने की बात कही।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close