Main Slideराष्ट्रीय

कटिहार सड़क हादसे पर राष्ट्रपति, पीएम मोदी और सीएम नीतीश ने जताया शोक, मुआवजे का ऐलान

बिहार के कटिहार में हुए भीषण सड़क हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गहरा दुख जताया है। मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए मुआवजे का भी ऐलान किया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि कटिहार में सड़क दुर्घटना में लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हादसे को अत्यंत दुखद बताया। उन्होंने कहा कि अपनों को खोने वाले परिवारों के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं। पीएम ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की सहायता देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि कटिहार जिले के कोढा थाना क्षेत्र में हुई इस दुर्घटना में लोगों की मौत बेहद दुखद है। उन्होंने मृतकों के आश्रितों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये देने का ऐलान किया। साथ ही अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य तेज करने और घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए। गौरतलब है कि कटिहार में बस और पिकअप वाहन की टक्कर में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक लोग घायल हो गए। मृतकों में महिलाएं और एक मासूम बच्ची भी शामिल हैं। पिकअप सवार सभी लोग पूर्णिया जिले के धमदाहा क्षेत्र के निवासी थे, जो मेला देखकर अपने घर लौट रहे थे।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close