रेमंड के पूर्व चेयरमैन विजयपत सिंघानिया का निधन, 87 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस

रेमंड ग्रुप के पूर्व चेयरमैन और पद्म भूषण से सम्मानित विजयपत सिंघानिया का मुंबई में 87 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके बेटे गौतम सिंघानिया ने माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इस दुखद खबर की जानकारी दी। उनके निधन से उद्योग जगत में शोक की लहर है।
विजयपत सिंघानिया सिर्फ एक सफल उद्योगपति ही नहीं, बल्कि एक साहसी एविएटर और दूरदर्शी नेता भी थे। उनके नेतृत्व में Raymond Group ने एक साधारण कपड़ा मिल से वैश्विक फैशन और लाइफस्टाइल ब्रांड के रूप में पहचान बनाई। उनके योगदान के लिए भारत सरकार ने उन्हें 2006 में पद्म भूषण से सम्मानित किया था। उड्डयन के प्रति उनके जुनून के चलते उन्हें भारतीय वायु सेना में ऑनरेरी एयर कोमोडोर की उपाधि भी दी गई थी। वर्ष 2005 में उन्होंने 67 वर्ष की उम्र में सबसे ऊंची हॉट एयर बैलून उड़ान का रिकॉर्ड भी बनाया था।
परिवार की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, उनका अंतिम संस्कार 29 मार्च 2026 को मुंबई में किया जाएगा। अंतिम दर्शन के लिए परिजन और मित्र दोपहर 1:30 बजे एल.डी. रूपारेल मार्ग स्थित निवास पर जुटेंगे, जिसके बाद दोपहर 3 बजे चंदनवाड़ी श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार होगा। बता दें कि विजयपत सिंघानिया ने कंपनी की बागडोर अपने बेटे गौतम सिंघानिया को सौंपने के बाद अपनी 37 प्रतिशत हिस्सेदारी भी उन्हें हस्तांतरित कर दी थी। हालांकि, कुछ समय पहले पिता-पुत्र के बीच कानूनी विवाद भी सामने आया था, जिसे बाद में सुलझा लिया गया था।







