अरविंद केजरीवाल का गुजरात में बड़ा दावा, महिलाओं को 1000 रुपये देने का किया ऐलान

गुजरात: आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को गुजरात की जनता से किसी पार्टी या नेता को वोट देने की बजाय खुद को वोट देने और अपनी सरकार बनाने की अपील की। अमरेली में आयोजित ‘विजय विश्वास सभा’ में केजरीवाल ने कहा कि अगर आप की सरकार गुजरात में बनेगी तो सभी महिलाओं के खाते में हर माह 1000 रुपये भेजे जाएंगे। अगले साल गुजरात विधानसभा चुनाव होने हैं। राज्य की 182 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के पास 160 से अधिक विधायक हैं, जबकि आम आदमी पार्टी के पास मात्र 4 विधायक हैं।
केजरीवाल ने भाजपा पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले तीन दशकों में भाजपा ने अपने वफादार मतदाताओं को अपमानित किया है। उन्होंने वादा किया कि अगर आम आदमी पार्टी को सरकार बनाने का मौका मिला तो वह गुजरात को पंजाब की तरह बदल देगी। AAP के संयोजक ने कहा, ”पिछले 30 वर्षों से आप नेताओं और पार्टियों को वोट देते आ रहे हैं, लेकिन उन्होंने आपके लिए कुछ नहीं किया। इस बार खुद को वोट दें और अपनी सरकार बनाएं।”
उन्होंने मोरबी और वडोदरा में पुलों के ढहने और किसानों के मुआवजे के पैसे के गबन का हवाला देते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने जनता को लूटा है। केजरीवाल ने दावा किया कि हाल में किसानों के लिए 10,000 करोड़ रुपये के मुआवजे का पैकेज घोषित हुआ था, लेकिन पैसा किसानों तक नहीं पहुंचा।







