मुख्यमंत्री नीतीश के बेगूसराय पहुंचने से पहले हेलीपैड कैंपस में घुसा सांड, पुलिसकर्मियों को दौड़ाया

बिहार के बेगूसराय में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आगमन से पहले हेलीपैड कैंपस में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। रिपोर्ट्स के अनुसार, हेलीपैड में घुसा सांड पुलिसकर्मियों को भी दौड़ाता हुआ गया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शनिवार को अपनी ‘समृद्धि यात्रा’ के तीसरे चरण के तहत बेगूसराय में रिलायंस इंडस्ट्रीज के ‘कैम्पा कोला बॉटलिंग प्लांट’ की आधारशिला रखेंगे। यह परियोजना जिले में बड़े औद्योगिक निवेश का प्रतीक मानी जा रही है।
समृद्धि यात्रा की शुरुआत 16 जनवरी 2026 को पश्चिम चंपारण से हुई थी, लेकिन बजट सत्र के कारण इसे बीच में स्थगित करना पड़ा था। तीसरे चरण में यह यात्रा कोसी-सीमांचल के पिछड़े इलाकों पर केंद्रित है। यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब नीतीश कुमार राज्यसभा जाने वाले हैं। बिहार में विकास की गति बनाए रखने और योजनाओं की निगरानी के प्रति उनकी प्रतिबद्धता इस यात्रा से स्पष्ट दिखाई देती है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस परंपरा की शुरुआत सबसे पहले साल 2005 में अपनी न्याय यात्रा से की थी।







