Main Slideमनोरंजन

रणवीर सिंह से 10 करोड़ की रंगदारी की मांग, लॉरेंस बिश्नोई गैंग का अमेरिकी नंबर से धमकी भरा वॉइस नोट

बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह को लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। सूत्रों के अनुसार, रणवीर सिंह के मैनेजर के व्हाट्सएप नंबर पर एक धमकी भरा वॉइस नोट भेजा गया, जो एक अमेरिकी नंबर से आया था। मुंबई क्राइम ब्रांच इस नंबर की जानकारी जुटाने के लिए तय प्रोटोकॉल के तहत अमेरिका की संबंधित एजेंसी से संपर्क करने की प्रक्रिया में है।

जांच में सामने आया है कि गैंग के करीबी गुर्गे हैरी बॉक्सर ने वॉइस नोट के जरिए रणवीर सिंह को धमकी दी और 10 करोड़ रुपये की मांग की। क्राइम ब्रांच की प्रारंभिक जांच में वॉइस नोट में सुनाई देने वाली आवाज को हैरी बॉक्सर की आवाज से मिलान किया गया है। हालांकि पुलिस अन्य तकनीकी और डिजिटल साक्ष्य भी जुटा रही है ताकि मामले को पुख्ता किया जा सके।

सूत्रों के मुताबिक यह वॉइस नोट रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग की घटना के बाद भेजा गया था। धमकी मिलने के बाद रणवीर सिंह की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। क्राइम ब्रांच ने उनके मैनेजर का बयान दर्ज कर लिया है और मामले की जांच जारी है। फिलहाल इस संबंध में औपचारिक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है और पुलिस प्रारंभिक जांच कर रही है।

इससे पहले रणवीर सिंह और फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी को अलग-अलग मौकों पर धमकियां मिल चुकी हैं। रोहित शेट्टी के घर पर कथित रूप से पांच राउंड फायरिंग के बाद 10 फरवरी को रणवीर सिंह को पहली धमकी मिली थी, जबकि 13 फरवरी को दोबारा धमकी दी गई। गैंगस्टर हैरी बॉक्सर ने इसकी जिम्मेदारी लेने का दावा किया था। पुलिस ने एहतियात के तौर पर रणवीर सिंह और रोहित शेट्टी की सुरक्षा बढ़ा दी है। हालांकि इस पूरे मामले पर अब तक रणवीर सिंह या उनके परिवार की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close