इंस्टाग्राम स्टोरी से खुला राज? अवनीत कौर के ‘मिस्ट्री मैन’ पर तेज हुई चर्चाएं

टीवी और फिल्म एक्ट्रेस अवनीत कौर एक बार फिर सुर्खियों में हैं। हालांकि इस बार वह अपने किसी नए प्रोजेक्ट को लेकर नहीं, बल्कि पर्सनल लाइफ की वजह से चर्चा में आ गई हैं। हाल ही में उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी शेयर की, जिससे उनके प्यार में होने के कयास तेज हो गए। हालांकि कुछ ही देर बाद उन्होंने यह स्टोरी डिलीट भी कर दी, लेकिन तब तक उसके स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर वायरल हो चुके थे।
वैलेंटाइन डिनर की तस्वीरों ने बढ़ाई हलचल
अवनीत ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक तस्वीर पोस्ट की थी, जिसमें वह किसी शख्स का हाथ थामे नजर आ रही थीं। दूसरी फोटो में ‘हैप्पी वैलेंटाइन डे’ लिखा केक टेबल पर रखा दिखाई दिया। तस्वीरों से साफ लग रहा था कि यह किसी रोमांटिक डिनर डेट का हिस्सा है। स्टोरी डिलीट होने के बावजूद फैंस ने स्क्रीनशॉट शेयर कर दिए, जिसके बाद सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हो गई कि आखिर एक्ट्रेस की जिंदगी में वह खास शख्स कौन है।
कौन है मिस्ट्री मैन?
तस्वीरों में मौजूद शख्स का चेहरा सामने नहीं आया है, लेकिन सोशल मीडिया पर जिस नाम की सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है, वह है राघव शर्मा । राघव शर्मा म्यूजिक इंडस्ट्री से जुड़े जाने-माने नाम हैं और देसी म्यूजिक फैक्ट्री के को-फाउंडर हैं। यह म्यूजिक लेबल ‘मुड़ मुड़ के’, ‘पहली पहली बारिश’, ‘ला ला ला’ और ‘Yimmy Yimmy’ जैसे गानों के लिए जाना जाता है। बताया जाता है कि वह 2025 में रिलीज हुई फिल्म ‘एक दीवाने की दीवानियत’ के प्रोड्यूसर भी रहे हैं, जिसे अंशुल गर्ग के बैनर डीएमएफ के तहत बनाया गया था।
2022 से जुड़ता रहा है नाम
अवनीत कौर का नाम 2022 से ही राघव शर्मा के साथ जोड़ा जाता रहा है। हालांकि अब तक न तो अवनीत और न ही राघव ने इन अफवाहों पर कोई आधिकारिक बयान दिया है। दोनों ने न तो रिश्ते की पुष्टि की है और न ही इन खबरों का खंडन किया है। फिलहाल इंस्टाग्राम स्टोरी के वायरल होने के बाद फैंस के बीच उत्सुकता और भी बढ़ गई है। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि क्या अवनीत अपने रिश्ते को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा करेंगी या यह सस्पेंस अभी बरकरार रहेगा।







