Main Slideप्रदेश

दिल्ली में प्लास्टिक कारोबारी वैभव गांधी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े बदमाशों ने ली जिम्मेदारी

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में सोमवार (9 फरवरी) को सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां प्लास्टिक कारोबारी वैभव गांधी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। बदमाशों ने बवाना इलाके में वैभव गांधी को दौड़ा-दौड़ाकर गोलियां मारीं, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायल कारोबारी को स्थानीय लोग आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सीसीटीवी फुटेज आया सामने

हत्या की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में देखा जा सकता है कि गोली लगते ही वैभव गांधी सड़क पर गिर पड़ता है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की पहचान में जुटी हुई है।

सोशल मीडिया पर गैंगस्टर ने ली हत्या की जिम्मेदारी

इस हत्याकांड की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े गैंगस्टर रणदीप मलिक और अनिल पंडित ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए ली है। पोस्ट में दावा किया गया है कि वैभव गांधी उनके काम में हस्तक्षेप कर रहा था, इसलिए उसे मार दिया गया। पोस्ट में यह भी धमकी दी गई है कि जो कोई भी उनके काम के बीच आएगा, उसे इसी तरह अंजाम भुगतना पड़ेगा।

जांच में जुटी पुलिस

फिलहाल दिल्ली पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। सोशल मीडिया पोस्ट की भी सत्यता की जांच की जा रही है और गैंगस्टरों के नेटवर्क को खंगाला जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज की जाएगी।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close