Main Slideखेलराष्ट्रीय

टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले भारत-पाक मैच पर विवाद, इमरान मसूद और अनुराग ठाकुर के तीखे बयान

टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत में अब एक हफ्ते से भी कम समय बचा है, लेकिन उससे पहले ही भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ होने वाले ग्रुप मैच का बहिष्कार करने का फैसला किया है। इस निर्णय पर भारत में राजनीतिक प्रतिक्रियाएं तेज हो गई हैं।

सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के फैसले की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने जिस तरह से भारत के खिलाफ मैच खेलने से इनकार किया है, उसका जवाब भारत को पहले ही दे देना चाहिए था। मसूद ने दोहराया कि पाकिस्तान के साथ किसी भी तरह के रिश्ते नहीं रखने चाहिए और भारत को अपने सम्मान के साथ कोई समझौता नहीं करना चाहिए।

इमरान मसूद ने कहा कि भारत को पाकिस्तान के खिलाफ मैच खेलने पर विचार ही नहीं करना चाहिए था। उन्होंने बीसीसीआई को नसीहत देते हुए कहा कि देश के सम्मान से ऊपर कुछ नहीं है। उनका कहना था कि जब पहले एक बांग्लादेशी खिलाड़ी को साइन करने पर विवाद हुआ था, तो फिर पाकिस्तान के साथ मैच खेलने की बात क्यों की जा रही है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि भारत को शुरुआत से ही इस मुकाबले से इनकार कर देना चाहिए था।

इस मुद्दे पर बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष और भाजपा नेता अनुराग ठाकुर ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान हार के डर से भारत के खिलाफ मैच खेलने से बच रहा है। ठाकुर के मुताबिक, आने वाले वर्ल्ड कप में भी भारत पाकिस्तान को हराता और इसी डर से पाकिस्तान ने मैदान में उतरने से पहले ही पीछे हटने का फैसला कर लिया है।

गौरतलब है कि रविवार 1 फरवरी को शहबाज शरीफ सरकार ने यह फैसला लिया था कि पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा लेगा, लेकिन 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाले मैच का बहिष्कार करेगा। पाकिस्तान का यह कदम बांग्लादेश को वर्ल्ड कप से बाहर किए जाने के विरोध के रूप में देखा जा रहा है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close