केंद्रीय बजट पर बोले सीएम नायब सिंह सैनी, कांग्रेस पर जमकर साधा निशाना

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने केंद्रीय बजट को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने हरियाणा को पहले और अब जो दिया है, वह कांग्रेस 55 साल के शासन में भी नहीं दे पाई। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश और राज्यों के विकास के लिए जिस दूरदर्शिता के साथ काम कर रहे हैं, उसकी कल्पना कांग्रेस नेता सपने में भी नहीं कर सकते।
सोमवार सुबह नई दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को लोगों को गुमराह करने से बचना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि इस बजट से हरियाणा एक “विकसित हरियाणा” बनेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर बजट के लिए उनका धन्यवाद करेंगे।
कांग्रेस की आलोचना करते हुए सीएम सैनी ने कहा कि विपक्षी नेताओं ने न तो रक्षा बजट को ठीक से पढ़ा है और न ही कृषि से जुड़ी योजनाओं को समझा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि या तो उन्हें बजट की समझ नहीं है या वे जानबूझकर गलत बयान दे रहे हैं। मुख्यमंत्री ने सलाह दी कि कांग्रेस नेताओं को बजट समझने के लिए किसी विशेषज्ञ से परामर्श लेना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि कांग्रेस नेताओं में राहुल गांधी से मिलने और उनकी “वंदना” करने की होड़ लगी हुई है। पंजाब में उनकी सक्रियता को लेकर पूछे गए सवाल पर सीएम सैनी ने कहा कि वह पहले भी पंजाब जाते रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब की जनता आम आदमी पार्टी सरकार की गलत नीतियों से परेशान है और किसानों को परेशान किया जा रहा है।
पंजाब के आदमपुर एयरपोर्ट का नाम संत रविदास महाराज के नाम पर रखने के फैसले पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने समाज को एक बड़ा सम्मान दिया है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय संत रविदास महाराज के शाश्वत आदर्शों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। साथ ही उन्होंने बताया कि हरियाणा के हिसार एयरपोर्ट का नाम भी महाराजा अग्रसेन के नाम पर रखा गया है।







