गुजरात में कांग्रेस सांसद शक्तिसिंह गोहिल के भतीजे ने पत्नी की हत्या कर की आत्महत्या, दो महीने पहले हुई थी शादी

गुजरात से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। कांग्रेस के राज्यसभा सांसद शक्तिसिंह गोहिल के भतीजे और सरकारी अधिकारी यशराज सिंह गोहिल ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी और इसके बाद खुद भी आत्महत्या कर ली। यशराज की शादी महज दो महीने पहले ही हुई थी।
पुलिस के मुताबिक यह घटना बुधवार देर रात अहमदाबाद के जजेस बंगलो रोड स्थित एनआरआई टावर में हुई। यशराज सिंह गोहिल और उनकी पत्नी राजेश्वरी गोहिल के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो धीरे-धीरे गंभीर झगड़े में बदल गया। इसी दौरान यशराज ने अपने लाइसेंसी हथियार से पत्नी को गोली मार दी। गोली राजेश्वरी के सिर में लगी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
इसके बाद यशराज ने खुद 108 एंबुलेंस पर कॉल किया। मेडिकल टीम मौके पर पहुंची और राजेश्वरी को मृत घोषित कर दिया। एंबुलेंस स्टाफ के बाहर निकलते ही यशराज ने उसी हथियार से खुद को गोली मार ली। उसकी भी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना से न सिर्फ परिवार में मातम पसरा हुआ है, बल्कि राजनीतिक गलियारों में भी हड़कंप मच गया है। यशराज सिंह गोहिल गुजरात मैरीटाइम बोर्ड में प्रथम श्रेणी अधिकारी थे। हाल ही में उनका क्लास-2 से क्लास-1 में प्रमोशन हुआ था।
शक्तिसिंह गोहिल गुजरात की राजनीति का जाना-पहचाना नाम हैं। वे 1990 से 2020 तक कई बार विधायक रह चुके हैं और 1991 से 1995 तक कांग्रेस सरकार में मंत्री भी रहे। वर्ष 2020 में वे राज्यसभा सांसद बने। 2022 में वे गुजरात कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष भी रहे थे, लेकिन विधानसभा चुनाव में हार के बाद उन्होंने अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। पुलिस फिलहाल मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।







