प्रदेश

कोलकाता गैंगरेप मामला: एक और गिरफ्तारी, आरोपियों की संख्या पहुंची चार

कोलकाता| कोलकाता के एक प्रतिष्ठित लॉ कॉलेज की छात्रा से गैंगरेप के मामले में पुलिस ने एक और गिरफ्तारी की है। ताजा अपडेट के मुताबिक, कॉलेज के सुरक्षा गार्ड को भी इस मामले में गिरफ्तार किया गया है। अब तक इस मामले में कुल चार आरोपी हिरासत में लिए जा चुके हैं। पुलिस ने इससे पहले कॉलेज के 31 वर्षीय पूर्व छात्र मोनोजीत मिश्रा, 19 वर्षीय जैब अहमद और 20 वर्षीय प्रमित मुखोपाध्याय को गिरफ्तार किया था। मोनोजीत मिश्रा अब एक प्रैक्टिसिंग वकील है। तीनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों में से एक ने पीड़िता को शादी का प्रस्ताव दिया था। लेकिन जब छात्रा ने यह प्रस्ताव ठुकरा दिया, तो आरोपी ने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। अब सुरक्षा गार्ड की गिरफ्तारी ने इस मामले को और गंभीर बना दिया है।

राजनीतिक बयानबाजी तेज

घटना के सामने आने के बाद राज्य की राजनीति में भी उबाल आ गया है। तृणमूल कांग्रेस (TMC) के वरिष्ठ सांसद कल्याण बनर्जी के बयान ने विवाद को और गहरा कर दिया। उन्होंने कहा, “अगर दोस्त ही रेप करने लगें तो कोई क्या कर सकता है?” — इस गैर-जिम्मेदाराना टिप्पणी पर तीखी आलोचना हो रही है।

बीजेपी का ममता सरकार पर हमला

इस मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार को आड़े हाथों लिया है। बीजेपी नेताओं ने आरोप लगाया कि राज्य में कानून-व्यवस्था चरमरा चुकी है और महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। भाजपा प्रवक्ताओं ने कहा कि राज्य सरकार अपराधियों को राजनीतिक संरक्षण देती है, जिसकी वजह से अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।

भाजपा युवा मोर्चा का प्रदर्शन, पुलिस से झड़प

घटना के विरोध में भाजपा युवा मोर्चा ने कोलकाता के कसबा थाने के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज किया और कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया। झड़प में कई कार्यकर्ताओं को चोटें भी आई हैं।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close