मन की बात में PM मोदी ने उठाया नशे का मुद्दा, संचार साथी ऐप से लेकर बिहार म्यूजियम तक का किया जिक्र

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 140वें एपिसोड के जरिए देशवासियों को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने युवाओं में बढ़ती नशे की चुनौती, सरकारी कर्मचारियों के प्रशिक्षण, डिजिटल तकनीक और देश की ऐतिहासिक धरोहरों जैसे कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की. पीएम मोदी ने नशे को युवाओं के भविष्य के सामने बड़ी चुनौती बताते हुए इसके खिलाफ समाज की बढ़ती भागीदारी पर संतोष जताया. इसके अलावा उन्होंने खोए हुए मोबाइल फोन को वापस पाने में मददगार संचार साथी ऐप और बिहार के म्यूजियम की अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि का भी उल्लेख किया.
युवाओं के भविष्य के सामने नशा बड़ी चुनौती
मन की बात में प्रधानमंत्री मोदी ने सबसे पहले युवाओं में नशे की लत का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि आज भारतीय युवा अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर दुनिया में पहचान बना रहे हैं. उनके बड़े सपने हैं और उन्हें पूरा करने के लिए वे लगातार प्रयास कर रहे हैं. हालांकि, नशे की लत युवाओं के इन सपनों के रास्ते में एक बड़ी चुनौती बनकर सामने आ रही है.
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में नशे के खिलाफ सामाजिक जागरूकता और लोगों की भागीदारी लगातार बढ़ रही है. ‘नशा मुक्त युवा अभियान’ के तहत भी प्रयास किए जा रहे हैं. उन्होंने ऐसे युवाओं का जिक्र किया, जिन्होंने अपनी इच्छाशक्ति और दृढ़ संकल्प के बल पर नशे की लत से बाहर निकलकर जिंदगी को नई दिशा दी है.
iGOT कर्मयोगी प्लेटफॉर्म पर 7 हजार से ज्यादा कोर्स
प्रधानमंत्री मोदी ने सरकारी कर्मचारियों के कौशल विकास के लिए शुरू किए गए डिजिटल प्लेटफॉर्म ‘iGOT कर्मयोगी’ की भी चर्चा की. उन्होंने कहा कि सीखने की कोई उम्र नहीं होती और सरकारी सेवा में लंबे समय से काम कर रहे कर्मचारी भी नई चीजें सीखने के लिए समय निकाल रहे हैं.
पीएम मोदी के मुताबिक, इस प्लेटफॉर्म पर 17 भारतीय भाषाओं में 7 हजार से अधिक कोर्स उपलब्ध हैं. लाखों सरकारी कर्मचारी इन पाठ्यक्रमों को पूरा कर चुके हैं. कोई आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की जानकारी हासिल कर रहा है, तो कोई इंडियन साइन लैंग्वेज सीख रहा है. उन्होंने बताया कि AI और नई तकनीक से जुड़े 200 से ज्यादा कोर्स में सवा 3 करोड़ से अधिक कोर्स कंप्लीशन दर्ज किए जा चुके हैं.
खोया मोबाइल वापस पाने में मदद करेगा संचार साथी ऐप
मन की बात के दौरान प्रधानमंत्री ने ‘संचार साथी’ डिजिटल प्लेटफॉर्म की उपयोगिता भी बताई. उन्होंने कहा कि मोबाइल फोन खोने पर उसमें मौजूद संपर्क, तस्वीरें और जरूरी दस्तावेजों को लेकर लोगों को काफी परेशानी होती है. ऐसे में संचार साथी प्लेटफॉर्म के जरिए खोए हुए मोबाइल को तलाशने में मदद मिल सकती है.
उन्होंने बताया कि प्रत्येक मोबाइल फोन का एक विशिष्ट IMEI नंबर होता है. इसी नंबर के आधार पर संचार साथी के माध्यम से खोए हुए फोन को ब्लॉक कराया जा सकता है. इसके लिए पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के साथ प्लेटफॉर्म पर IMEI नंबर और जरूरी जानकारियां देनी होती हैं. फोन ब्लॉक होने के बाद उसमें दूसरा सिम कार्ड डालकर भी उसका सामान्य इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा.
दुनिया के टॉप 10 म्यूजियम में शामिल हुआ बिहार म्यूजियम
प्रधानमंत्री मोदी ने देश की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरों का जिक्र करते हुए लोगों से अपील की कि वे यात्रा के दौरान स्थानीय म्यूजियम देखने के लिए भी समय निकालें. उन्होंने बिहार की राजधानी पटना स्थित बिहार म्यूजियम की उपलब्धि को खास तौर पर रेखांकित किया.
पीएम मोदी ने बताया कि दुनिया के 100 बेहतरीन म्यूजियम की सूची में बिहार म्यूजियम को नौवां स्थान मिला है. इस सूची में इसे एशिया का शीर्ष म्यूजियम बताया गया है. उन्होंने कहा कि बिहार म्यूजियम ने पेरिस के लूव्र और न्यूयॉर्क के द मेट जैसे प्रतिष्ठित म्यूजियम से भी बेहतर स्थान हासिल किया है.
वडनगर के म्यूजियम को मिला अंतरराष्ट्रीय सम्मान
प्रधानमंत्री ने गुजरात के वडनगर में बने ‘अनंत अनादि वडनगर आर्कियोलॉजिकल म्यूजियम’ का भी उल्लेख किया. उन्होंने बताया कि वडनगर में पुरातात्विक खुदाई के दौरान अलग-अलग ऐतिहासिक कालखंडों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण वस्तुएं मिली थीं. इसी खुदाई वाले स्थल पर म्यूजियम को विकसित किया गया है.
इस म्यूजियम में पांच हजार से अधिक प्राचीन कलाकृतियां प्रदर्शित की गई हैं. यहां आने वाले पर्यटक जमीन के कई मीटर नीचे तक हुई पुरातात्विक खुदाई को भी देख सकते हैं. पीएम मोदी ने बताया कि इसी महीने बर्लिन में इस म्यूजियम को डिजाइन के क्षेत्र का प्रतिष्ठित ‘रेड डॉट : बेस्ट ऑफ द बेस्ट अवॉर्ड’ मिला है. यह सम्मान पाने वाला यह भारत का पहला म्यूजियम है.
वडनगर को बताया गुजरात की काशी
पीएम मोदी ने वडनगर के ऐतिहासिक महत्व का जिक्र करते हुए कहा कि यह शहर हजारों वर्षों से आबाद है. उन्होंने इसकी तुलना वाराणसी (काशी) से की. प्रधानमंत्री ने अपने व्यक्तिगत जुड़ाव का भी उल्लेख करते हुए कहा कि वडनगर में उनका जन्म हुआ और काशी उनका संसदीय क्षेत्र है.
उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले कांची कामकोटि पीठ के शंकराचार्य भी वडनगर पहुंचे थे. उन्होंने इस ऐतिहासिक शहर को ‘गुजरात की काशी’ की पहचान दी. मन की बात के इस एपिसोड में प्रधानमंत्री ने सामाजिक जागरूकता से लेकर तकनीक, प्रशासनिक प्रशिक्षण और भारतीय विरासत को संरक्षित करने तक के कई विषयों को देशवासियों के सामने रखा.







