Main Slideउत्तर प्रदेशप्रदेश

राम मंदिर के पहले CEO के नाम पर बड़ा अपडेट, बुधवार को हो सकता है ऐलान ट्रस्ट के खाली पदों पर भी होगी चर्चा

अयोध्या: उत्तर प्रदेश के अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर में मंगलवार को राम मंदिर के पहले CEO के चयन को लेकर महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में CEO के चयन के लिए गठित सर्च कमेटी के पदाधिकारियों के साथ श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि, कार्यकारी महासचिव कृष्ण मोहन, पदेन सदस्य एवं अयोध्या के जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी और निर्मोही अखाड़ा के महंत तथा ट्रस्ट सदस्य दिनेंद्र दास मौजूद रहे। बैठक में CEO पद के लिए गठित तीन सदस्यीय सर्च कमेटी ने अपनी रिपोर्ट ट्रस्ट के सदस्यों को सौंप दी। अब इस रिपोर्ट पर बुधवार को होने वाली राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक में चर्चा होगी। इसी बैठक में राम मंदिर के पहले CEO के नाम पर अंतिम फैसला लिया जा सकता है।

तीन नाम किए गए शॉर्टलिस्ट

राम मंदिर के CEO के चयन के लिए तीन सदस्यीय सर्च कमेटी का गठन किया गया था। इसमें रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल विष्णु कांत चतुर्वेदी, पूर्व वैज्ञानिक सुरेश हवारे और पूर्व न्यायाधीश प्रमोद कोहली शामिल थे। कमेटी ने मंगलवार को अपनी रिपोर्ट संबंधित पदाधिकारियों को सौंप दी। ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि ने बताया कि रिपोर्ट पर बुधवार को होने वाली ट्रस्ट की बैठक में चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि बैठक में CEO के नाम को लेकर फैसला हो सकता है, हालांकि नाम की घोषणा करनी है या नहीं, इसका अंतिम निर्णय ट्रस्ट ही करेगा।

ट्रस्ट के खाली पदों पर भी हो सकता है फैसला

राम मंदिर ट्रस्ट में लंबे समय से खाली चल रहे पदों को भरने पर भी बुधवार की बैठक में निर्णय लिए जाने की संभावना है। चढ़ावे से जुड़े विवाद के बाद पूर्व महासचिव चंपत राय और सदस्य डॉ. अनिल मिश्रा के इस्तीफे के अलावा ट्रस्ट के सदस्य राजा विमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्र के निधन के बाद तीन पद रिक्त हैं। इन पदों पर नए सदस्यों की नियुक्ति को लेकर भी बुधवार को घोषणा हो सकती है।

सचिव पद के लिए जगदीश आफले का नाम

सूत्रों के मुताबिक, ट्रस्ट के सचिव पद के लिए जगदीश आफले का नाम लगभग तय माना जा रहा है। उनकी नियुक्ति की आधिकारिक घोषणा बुधवार को ट्रस्ट की बैठक के बाद की जा सकती है। इसके अलावा ट्रस्ट में साहित्यकार यतीन्द्र मिश्रा, विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय महासचिव बजरंग लाल बांगड़ा और विहिप की केंद्रीय परामर्श समिति के सदस्य दिनेश जी को शामिल किए जाने की चर्चा भी है। अब सभी की नजरें बुधवार को होने वाली राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक पर हैं, जहां CEO के नाम के साथ-साथ ट्रस्ट के रिक्त पदों पर भी अहम फैसले लिए जा सकते हैं।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close