Main Slideउत्तर प्रदेशप्रदेश

प्रतापगढ़ से CM योगी का विपक्ष पर बड़ा हमला: ‘राम पर बोलने का कांग्रेस-सपा को अधिकार नहीं, आस्था के नाम पर कर रहे राजनीति’

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष सनातन आस्था को लेकर लगातार भ्रामक राजनीति कर रहा है और अब अयोध्या के मुद्दे पर अपना रुख बदल रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो दल कभी भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाते थे और बाबरी ढांचे के पक्ष में खड़े दिखाई देते थे, वही आज राम मंदिर और अयोध्या को लेकर बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि “कांग्रेस और समाजवादी पार्टी को भगवान राम पर बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।”

राम मंदिर मामले में SIT जांच का जिक्र

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या में सामने आए मामले में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने स्वयं एसआईटी जांच की मांग की थी। प्रारंभिक जांच और एफआईआर के आधार पर कार्रवाई भी हुई है। उन्होंने सवाल उठाया कि विपक्ष वक्फ से जुड़े मामलों पर चुप क्यों रहता है, जबकि अयोध्या के मुद्दे को राजनीतिक रंग देने की कोशिश करता है।

कांवड़ यात्रा और आस्था पर विपक्ष को घेरा

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब पहले कांवड़ यात्रा पर प्रतिबंध लगाए जाते थे और हिंदू पर्व-त्योहारों के दौरान उपद्रव होते थे, तब विपक्ष की ओर से आस्था की बात क्यों नहीं उठाई जाती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष चुनिंदा मुद्दों पर ही धार्मिक भावनाओं की बात करता है।

‘डबल इंजन सरकार में तेजी से हुआ विकास’

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य में डबल इंजन सरकार के दौरान विकास कार्यों में तेजी आई है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में पलायन रुका है, कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है और बिना किसी भेदभाव के सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र पर काम करते हुए गरीबों को मुफ्त राशन, आयुष्मान भारत योजना के तहत स्वास्थ्य सुविधा और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया है।

स्वास्थ्य और कल्याण योजनाओं का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 15 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन, 10 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत योजना के तहत स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। इसके अलावा 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को भी प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक की स्वास्थ्य सुविधा का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री राहत कोष के माध्यम से भी जरूरतमंदों को बिना भेदभाव तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close