Main Slideउत्तर प्रदेशप्रदेश

बदायूं एनकाउंटर: 50 हजार का इनामी डकैत जितेंद्र उर्फ ढालू ढेर, मुठभेड़ में दारोगा और सिपाही घायल

उत्तर प्रदेश के बदायूं में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए चर्चित डकैती कांड के मास्टरमाइंड और 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश जितेंद्र उर्फ ढालू को मुठभेड़ में मार गिराया। इस दौरान बदमाश की गोली लगने से शेखूपुर पुलिस चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नीरज कुमार और कांस्टेबल अविनाश घायल हो गए। दोनों के हाथ में गोली छूकर निकली है और उनका इलाज जारी है।

पुलिस के अनुसार, सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि इस्लामनगर थाना क्षेत्र में मई महीने में हुई चर्चित डकैती का मुख्य आरोपी जितेंद्र उर्फ ढालू बदायूं-बिजनौर हाईवे पर प्रस्तावित जेल के पास जंगल में किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी।

पुलिस का दावा है कि खुद को घिरता देख बदमाश ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में उपनिरीक्षक नीरज कुमार और कांस्टेबल अविनाश घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली जितेंद्र उर्फ ढालू के सीने में लगी। गंभीर रूप से घायल आरोपी को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी के पास से एक ऑटोमैटिक पिस्टल, एक मोटरसाइकिल और डकैती के दौरान लूटे गए कुछ जेवरात बरामद किए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने बताया कि मारा गया बदमाश संभल जिले के बनियाठेर क्षेत्र का निवासी था और मूल रूप से हापुड़ के धौलाना का रहने वाला था। वह 19 मई को इस्लामनगर थाना क्षेत्र में हुई डकैती की वारदात के बाद से फरार चल रहा था। इस मामले में पुलिस पहले ही उसके गिरोह के सात अन्य सदस्यों को गिरफ्तार कर चुकी थी, जबकि ढालू की तलाश लगातार जारी थी।

पुलिस के अनुसार, 19 मई की रात जितेंद्र उर्फ ढालू ने अपने सात हथियारबंद साथियों के साथ किसान निजाकत के घर धावा बोला था। बदमाशों ने करीब दो घंटे तक परिवार को बंधक बनाकर आतंक मचाया और लगभग 19 लाख रुपये की नकदी व जेवरात लूट लिए थे। विरोध करने पर परिवार के छह सदस्यों, जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं, के साथ मारपीट की गई थी। इतना ही नहीं, बदमाशों ने एक साल के मासूम बच्चे को भी गन प्वाइंट पर लेकर परिवार को धमकाया था। इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी थी।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close