Main Slideप्रदेश

पंजाब में ‘मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना’ की शुरुआत, महिलाओं के खातों में पहुंची पहली किस्त; केजरीवाल बोले- ‘आज ऐतिहासिक दिन’

पंजाब की लाखों महिलाओं का इंतजार बुधवार को खत्म हो गया, जब मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने ‘मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना’ की औपचारिक शुरुआत की। धूरी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने योजना के लिए वेब लिंक लॉन्च किया और इसके साथ ही पात्र महिलाओं के बैंक खातों में सम्मान राशि की पहली किस्त जारी कर दी गई। सरकार ने शुरुआत में एक साथ तीन महीने की राशि जारी की है। इसके तहत सामान्य वर्ग की पात्र महिलाओं के खातों में 3,000 रुपये, जबकि अनुसूचित जाति (दलित) वर्ग की महिलाओं के खातों में 4,500 रुपये ट्रांसफर किए गए। राज्य सरकार का कहना है कि यह कदम महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उन्हें सम्मानजनक वित्तीय सहयोग उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

यह योजना आम आदमी पार्टी द्वारा वर्ष 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए प्रमुख चुनावी वादों में शामिल थी। सरकार का दावा है कि इस योजना के लागू होने के साथ ही पार्टी की सभी प्रमुख चुनावी गारंटियां पूरी हो गई हैं।

केजरीवाल ने बताया ऐतिहासिक दिन

योजना की शुरुआत पर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने खुशी जताते हुए सोशल मीडिया मंच एक्स पर इसे पंजाब के लिए ऐतिहासिक दिन बताया। उन्होंने लिखा कि यह राज्य की माताओं और बहनों के सम्मान का दिन है और सरकार ने अपना वादा निभाया है। अरविंद केजरीवाल ने अपने संदेश में पिछली सरकारों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पहले राज्य के संसाधनों का लाभ आम लोगों तक नहीं पहुंचता था, जबकि वर्तमान सरकार सरकारी धन सीधे जनता के हित में खर्च कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ राजनीतिक दल इस योजना का विरोध कर रहे हैं, लेकिन पंजाब अब विकास और जनकल्याण की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार का कहना है कि इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें सामाजिक और आर्थिक रूप से अधिक सशक्त बनाना है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close