Main Slideउत्तर प्रदेशप्रदेश

UPTET 2026: यूपी में आज से शिक्षक पात्रता परीक्षा शुरू, 60 जिलों के 955 केंद्रों पर 20 लाख अभ्यर्थी, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

उत्तर प्रदेश में आज से शिक्षक बनने का सपना देख रहे लाखों युवाओं की सबसे अहम परीक्षा UPTET 2026 शुरू हो गई है। 2 से 4 जुलाई तक आयोजित होने वाली इस परीक्षा में प्रदेश के 60 जिलों के 955 परीक्षा केंद्रों पर करीब 20 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए पूरे प्रदेश में सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल तैनात है और सीसीटीवी कैमरों के जरिए हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।

परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी और नकलमुक्त बनाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं इसकी निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी कीमत पर पेपर लीक या नकल जैसी घटनाएं नहीं होनी चाहिए। इसी के तहत परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन जांच की जा रही है।

परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को केवल एडमिट कार्ड, वैध पहचान पत्र, तीन पासपोर्ट साइज फोटो, पेन और पेंसिल ले जाने की अनुमति है। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, डिजिटल घड़ी, ब्लूटूथ डिवाइस, गॉगल्स और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित हैं। चूड़ी, अंगूठी और कड़े जैसे धातु के आभूषण भी प्रवेश से पहले उतरवाए जा रहे हैं। वहीं, यदि कोई अभ्यर्थी पानी की बोतल साथ लाना चाहता है तो वह पूरी तरह पारदर्शी, सफेद और बिना किसी लेबल वाली होनी चाहिए।

इस बार की UPTET परीक्षा केवल नए अभ्यर्थियों के लिए ही नहीं, बल्कि पहले से कार्यरत करीब 1.75 लाख शिक्षकों के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के अनुसार अब शिक्षक के रूप में सेवा जारी रखने के लिए TET उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। वर्ष 2010 से पहले नियुक्त ऐसे शिक्षक, जिन्होंने अभी तक TET पास नहीं किया है, उन्हें निर्धारित समयसीमा के भीतर यह परीक्षा उत्तीर्ण करनी होगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) को निर्देश दिए हैं कि पहले से कार्यरत शिक्षकों को परीक्षा पास करने के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराए जाएं, ताकि केवल अवसरों की कमी के कारण किसी की नौकरी प्रभावित न हो। परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे अभ्यर्थियों ने सुरक्षा व्यवस्था को संतोषजनक बताया। हालांकि, अधिकांश उम्मीदवारों ने यही उम्मीद जताई कि इस बार परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष और पेपर लीक जैसी घटनाओं से मुक्त रहे, ताकि उनकी मेहनत का सही मूल्यांकन हो सके।

 

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close