Main Slideखेल

15 साल के वैभव सूर्यवंशी का बेलफास्ट में जलवा, भारत-आयरलैंड T20 सीरीज के टिकटों के लिए मची होड़

बेलफास्ट। भारत और आयरलैंड के बीच 26 जून से शुरू होने वाली दो मैचों की टी20 सीरीज को लेकर क्रिकेट प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। बेलफास्ट के सिविल सर्विस क्रिकेट क्लब में खेले जाने वाले दोनों मुकाबलों से पहले सबसे ज्यादा चर्चा 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को लेकर हो रही है, जिनके अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में संभावित डेब्यू का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इस सीरीज के साथ श्रेयस अय्यर भी पहली बार टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारतीय टीम की कप्तानी करते नजर आएंगे। हालांकि, युवा स्टार वैभव सूर्यवंशी को लेकर फैंस के बीच जो उत्साह है, उसने आयोजकों की चुनौती बढ़ा दी है।

यूरोप भर से बेलफास्ट पहुंच रहे क्रिकेट प्रेमी

पूर्व भारतीय और आयरलैंड क्रिकेटर एमवी नरसिम्हा राव ने समाचार एजेंसी पीटीआई से बातचीत में बताया कि आयरलैंड ही नहीं, बल्कि यूरोप के कई देशों से क्रिकेट प्रेमी इस सीरीज को देखने के लिए बेलफास्ट पहुंचना चाहते हैं। स्टॉर्मोंट क्रिकेट ग्राउंड की सीमित क्षमता के चलते टिकटों की भारी मांग देखी जा रही है। उन्होंने कहा कि वैभव सूर्यवंशी को खेलते देखने के लिए फैंस में अलग ही उत्साह है। यही वजह है कि मुकाबलों के टिकट तेजी से बिक रहे हैं और आयोजकों को दर्शकों की बढ़ती संख्या को संभालने की चुनौती का सामना करना पड़ रहा है।

स्टेडियम की क्षमता बढ़ाने की तैयारी

रिपोर्ट्स के मुताबिक, दर्शकों की बढ़ती मांग को देखते हुए स्टेडियम की क्षमता बढ़ाने पर भी विचार किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि अस्थायी स्टैंड बनाकर दर्शक क्षमता को लगभग 4,200 से बढ़ाकर 7,000 तक किया जा सकता है, ताकि अधिक से अधिक क्रिकेट प्रेमी मैच का आनंद ले सकें।

आयरलैंड पर भारत का दबदबा कायम

भारत और आयरलैंड के बीच टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों का रिकॉर्ड पूरी तरह टीम इंडिया के पक्ष में रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 8 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले गए हैं और सभी मुकाबलों में भारतीय टीम ने जीत हासिल की है। वहीं आयरलैंड की सरजमीं पर भी भारत का रिकॉर्ड शानदार रहा है। भारतीय टीम ने मेजबान आयरलैंड के खिलाफ वहां 6 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं और सभी में जीत दर्ज की है। ऐसे में एक बार फिर टीम इंडिया सीरीज में जीत की प्रबल दावेदार मानी जा रही है। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को डेब्यू का मौका मिलता है और क्या वह अपने पहले ही अंतरराष्ट्रीय मैच में फैंस की उम्मीदों पर खरे उतर पाते हैं।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close