2 हजार कॉल, ऑनलाइन मर्डर सर्च और फिर हत्या, केतन अग्रवाल केस में चौंकाने वाले खुलासे

पुणे। पुणे के युवा कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड में चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं। पुलिस जांच में पता चला है कि केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी ने कथित तौर पर पूरी साजिश के तहत उनकी हत्या की योजना बनाई थी। आरोप है कि दोनों ने लोहागढ़ किले की पहाड़ी से धक्का देकर केतन की हत्या कर दी।
पुणे ग्रामीण पुलिस के अनुसार, यह कोई अचानक हुई घटना नहीं थी, बल्कि पहले से रची गई साजिश का हिस्सा थी। जांच में सामने आया है कि सिया और चेतन ने हत्या से पहले इंटरनेट पर कई बार यह सर्च किया था कि किसी व्यक्ति की हत्या कैसे की जाए और अपराध को कैसे अंजाम दिया जाए।
6 महीने में 2 हजार से ज्यादा कॉल
पुणे (ग्रामीण) के पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल ने बताया कि कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और CCTV फुटेज के विश्लेषण से कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं। जांच में पता चला कि 1 जनवरी से 18 जून के बीच सिया गोयल और चेतन चौधरी के बीच 2,000 से अधिक फोन कॉल हुए थे। इनमें कई कॉल दो से तीन घंटे तक चली थीं। पुलिस का कहना है कि दोनों लगातार संपर्क में थे और हत्या की योजना को लेकर बातचीत कर रहे थे।
हत्या से पहले कैफे में हुई थी मुलाकात
जांच अधिकारियों के मुताबिक, घटना वाले दिन लोहागढ़ किले जाने से पहले सिया और चेतन एक कैफे में मिले थे। पुलिस को संदेह है कि वहीं पर केतन अग्रवाल को रास्ते से हटाने की अंतिम योजना बनाई गई थी। पुलिस ने यह भी दावा किया है कि हत्या के बाद भी दोनों आरोपियों के बीच फोन कॉल और मैसेज का सिलसिला जारी रहा, जिससे उनके खिलाफ साजिश के आरोप और मजबूत हुए हैं।
कौन थे केतन अग्रवाल?
25 वर्षीय केतन अग्रवाल महाराष्ट्र की प्रमुख वेयरहाउस निर्माण कंपनी ‘सक्सेस ग्रुप’ में डायरेक्टर थे। इसी वर्ष फरवरी में परिवार की सहमति से उनकी सगाई 20 वर्षीय सिया गोयल से हुई थी। दोनों की शादी नवंबर में प्रस्तावित थी और इसके लिए उदयपुर में होटल तक बुक किया जा चुका था। सिया गोयल भी एक संपन्न कारोबारी परिवार से ताल्लुक रखती हैं। हालांकि, अग्रवाल परिवार को इस बात की जानकारी नहीं थी कि सिया पहले से चेतन चौधरी के साथ प्रेम संबंध में थीं।
शादी नहीं करना चाहती थी सिया?
पुलिस को शक है कि सिया इस अरेंज मैरिज से खुश नहीं थीं, लेकिन पारिवारिक और सामाजिक दबाव के चलते वह अपने रिश्ते के बारे में खुलकर बात नहीं कर पा रही थीं। जांच अधिकारियों का मानना है कि इसी वजह से दोनों ने हत्या जैसी खौफनाक साजिश रची। फिलहाल पुलिस ने सिया गोयल और चेतन चौधरी को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की हत्या और आपराधिक साजिश से संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।







