झारखंड राज्यसभा चुनाव: सीएम हेमंत सोरेन से मिले कांग्रेस नेता, महागठबंधन की रणनीति पर हुई चर्चा

झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। चुनाव की तारीख नजदीक आते ही सत्तारूढ़ महागठबंधन ने अपनी रणनीति को धार देना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में सोमवार को कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर चुनावी तैयारियों पर चर्चा की। कांके स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में हुई इस बैठक में झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू, राज्यसभा सांसद सैयद नसीर हुसैन, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो, विधायक प्रदीप यादव और कांग्रेस पर्यवेक्षक अजय शर्मा मौजूद रहे। हालांकि बैठक को औपचारिक बताया गया, लेकिन राजनीतिक हलकों में इसे राज्यसभा चुनाव की रणनीतिक तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।
महागठबंधन की एकजुटता पर जोर
सूत्रों के अनुसार बैठक में महागठबंधन के सभी घटक दलों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने और गठबंधन समर्थित दोनों उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई। इसके अलावा विधायकों के बीच संवाद बढ़ाने और चुनावी रणनीति को और मजबूत बनाने के मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि राज्यसभा चुनाव में किसी भी प्रकार की चूक से बचने के लिए महागठबंधन नेतृत्व लगातार सहयोगी दलों के साथ संवाद बनाए हुए है। गठबंधन की मजबूती और एकजुटता को बनाए रखने के लिए लगातार बैठकों का दौर जारी है। राज्यसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस भी पूरी तरह सक्रिय नजर आ रही है। पार्टी नेतृत्व अपने उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित करने के लिए गठबंधन सहयोगियों के साथ लगातार संपर्क बनाए हुए है और राजनीतिक समीकरणों पर करीबी नजर रख रहा है।
एकजुटता का संदेश देने की कोशिश
राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक यह बैठक केवल चुनावी रणनीति तक सीमित नहीं थी, बल्कि महागठबंधन की एकजुटता का संदेश देने का भी प्रयास था। आगामी दिनों में राज्यसभा चुनाव को लेकर ऐसी बैठकों और राजनीतिक गतिविधियों में और तेजी आने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल झारखंड की राजनीति में राज्यसभा चुनाव प्रमुख चर्चा का विषय बना हुआ है और सभी राजनीतिक दल अपने-अपने समीकरणों को साधने और रणनीतियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।







