नागपुर में महिला से दुष्कर्म, ब्लैकमेल और धर्मांतरण के दबाव का आरोप, दो गिरफ्तार, मौलाना फरार

महाराष्ट्र के नागपुर जिले के सोनेगांव थाना क्षेत्र में एक विवाहित महिला के साथ कथित तौर पर नशीला पदार्थ देकर दुष्कर्म करने, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और धर्मांतरण के लिए दबाव डालने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी मौलाना की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कलमेश्वर निवासी अय्याज ताज मदारे और अमीन शेख के रूप में हुई है। वहीं मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के तामिया क्षेत्र निवासी हजरत मौलाना फरार बताया जा रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए नागपुर पुलिस की टीम तामिया में जांच कर रही है।
प्लॉट खरीदने के बहाने होटल बुलाने का आरोप
पीड़िता के पति भारतीय सेना में कार्यरत हैं और वर्तमान में दूसरे शहर में तैनात हैं। महिला प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करती है। शिकायत के अनुसार, फरवरी 2025 में मुख्य आरोपी ने प्लॉट खरीदने के बहाने महिला से संपर्क किया और उसे नागपुर के एक होटल में बुलाया।महिला का आरोप है कि वहां उसे जूस में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया गया, जिसके बाद बेहोशी की हालत में उसके साथ दुष्कर्म किया गया। साथ ही उसके वीडियो और फोटो भी बना लिए गए, जिनके आधार पर बाद में उसे ब्लैकमेल किया गया।
13 जून को दर्ज हुई एफआईआर
सोनेगांव थाने के पुलिस निरीक्षक राहुल तसरे के मुताबिक, पीड़िता ने 13 जून को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस ने मामले में महाराष्ट्र अंधश्रद्धा निर्मूलन कानून की संबंधित धाराएं भी लगाई हैं। अधिकारियों का कहना है कि आरोपों की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
निकाह और धर्मांतरण का भी आरोप
शिकायत के अनुसार, आरोपी महिला को मध्य प्रदेश के तामिया क्षेत्र में ले गए, जहां कथित रूप से एक मौलाना की मौजूदगी में कलमा पढ़वाया गया और मुस्लिम रीति-रिवाज से निकाह कराया गया। पीड़िता का कहना है कि इस प्रक्रिया के लिए उसकी सहमति नहीं थी। महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया गया और उसे उसकी इच्छा के विरुद्ध धार्मिक प्रक्रियाओं में शामिल किया गया।
बीफ खिलाने का भी आरोप
पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में दावा किया है कि तामिया में उसे भोजन के दौरान बीफ खिलाया गया। महिला के अनुसार, जब उसने खाने के स्वाद को लेकर सवाल किया तो उसे बताया गया कि वह बीफ है।
वीडियो और मोबाइल जब्त
पुलिस निरीक्षक राहुल तसरे ने बताया कि पीड़िता ने जांच के दौरान एक वीडियो भी उपलब्ध कराया है। पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्य जब्त कर लिए हैं। वीडियो और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी आरोपों की निष्पक्ष और वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा रही है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं और जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







