Main Slideराजनीति

पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस पार्षद संजय दास का शव बरामद, राजनीतिक गलियारों में मचा हड़कंप

पश्चिम बंगाल से बड़ी खबर सामने आई है। साउथ दमदम नगर पालिका के तृणमूल कांग्रेस पार्षद संजय दास का शव उनके घर में फंदे से लटका मिला है। यह घटना उत्तर 24 परगना जिले के दमदम इलाके की है। शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।

जानकारी के अनुसार संजय दास का शव दमदम के नागरबाजार स्थित उनके आवास से बरामद किया गया। इसके बाद उन्हें एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।सूत्रों के मुताबिक, संजय दास राजरहाट गोपालपुर की पूर्व विधायक अदिति मुंशी के पति थे और तृणमूल नेता देवराज चक्रवर्ती के करीबी माने जाते थे।

बताया जा रहा है कि राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद वह मानसिक तनाव में थे। हालांकि पुलिस ने अभी तक मौत के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। गौरतलब है कि हाल ही में हुए पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी ने बड़ी जीत दर्ज की थी। चुनाव में भाजपा को 207 सीटें मिलीं, जबकि अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस को 80 सीटों पर संतोष करना पड़ा। चुनावी हार के बाद राज्य में राजनीतिक माहौल लगातार गर्म बना हुआ है।

हाल ही में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा था कि तृणमूल कांग्रेस शासन के दौरान हुए राजनीतिक मामलों की जांच कराई जाएगी और पुलिस को पुराने मामलों में प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा राज्य में नई सरकार बनने के बाद कई इलाकों में बुलडोजर कार्रवाई भी चर्चा में रही। हावड़ा और सियालदह रेलवे स्टेशनों के आसपास अवैध निर्माण हटाने को लेकर प्रशासन ने अभियान चलाया था। इस पर मंत्री दिलीप घोष ने कहा था कि जहां भी अवैध अतिक्रमण मिलेगा, वहां कार्रवाई की जाएगी। संजय दास की मौत के बाद अब एक बार फिर पश्चिम बंगाल की राजनीति में तनाव और चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close