IPL 2026: टॉप पर RCB, लेकिन इतिहास गुजरात टाइटंस के पक्ष में, क्या फिर टूटेगा बेंगलुरु का सपना?

डिफेंडिंग चैंपियन Royal Challengers Bengaluru ने IPL 2026 के लीग स्टेज में शानदार प्रदर्शन करते हुए पॉइंट्स टेबल में पहला स्थान हासिल किया है। हालांकि, एक दिलचस्प आंकड़ा अब टीम और उसके फैंस की चिंता बढ़ा सकता है। IPL इतिहास में दूसरी पोजिशन पर रहने वाली टीम सबसे ज्यादा बार चैंपियन बनी है और इस बार यह स्थान Gujarat Titans के पास है।
इस सीजन RCB, गुजरात टाइटंस और Sunrisers Hyderabad तीनों के 18-18 अंक रहे, लेकिन बेहतर नेट रन रेट के दम पर RCB ने पहला स्थान हासिल किया। गुजरात दूसरे और सनराइजर्स तीसरे स्थान पर रहे। वहीं चौथे प्लेऑफ स्थान के लिए अभी भी मुकाबला जारी है। Rajasthan Royals फिलहाल चौथे स्थान पर है, जबकि Punjab Kings, Kolkata Knight Riders और Delhi Capitals भी दौड़ में बने हुए हैं।
क्यों गुजरात टाइटंस को माना जा रहा है मजबूत दावेदार?
IPL में 2011 से प्लेऑफ फॉर्मेट लागू होने के बाद अब तक 15 सीजन खेले जा चुके हैं। इनमें 9 बार दूसरी पोजिशन पर रहने वाली टीम ने ट्रॉफी जीती है। वहीं लीग स्टेज में टॉप पर रहने वाली टीम सिर्फ 5 बार ही चैंपियन बन सकी है।
2011 के बाद IPL विजेताओं का रिकॉर्ड
- पहले स्थान पर रहने वाली टीम – 5 बार चैंपियन
- दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम – 9 बार चैंपियन
- तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम – 1 बार चैंपियन
- चौथे स्थान पर रहने वाली टीम – कभी चैंपियन नहीं बनी
दिलचस्प बात यह है कि सिर्फ एक बार टॉप-2 से बाहर की टीम ने खिताब जीता था। साल 2016 में सनराइजर्स हैदराबाद तीसरे स्थान पर रहते हुए चैंपियन बनी थी।
RCB के सामने इतिहास बदलने की चुनौती
RCB के लिए यह आंकड़े इसलिए भी चिंता बढ़ाने वाले हैं क्योंकि टीम पहले भी लीग स्टेज में टॉप पर रहने के बावजूद खिताब जीतने से चूक चुकी है। साल 2011 में बेंगलुरु ने अंक तालिका में पहला स्थान हासिल किया था, लेकिन फाइनल में Chennai Super Kings से हार गई थी।वहीं 2016 में टीम दूसरे स्थान पर रही, लेकिन फाइनल में सनराइजर्स हैदराबाद ने उसका खिताबी सपना तोड़ दिया। हालांकि RCB फैंस के लिए राहत की बात यह है कि टीम ने पिछले सीजन दूसरे स्थान पर रहते हुए ही अपनी पहली IPL ट्रॉफी जीती थी।अब सभी की नजरें प्लेऑफ पर टिकी हैं। देखना दिलचस्प होगा कि क्या इतिहास एक बार फिर गुजरात टाइटंस के पक्ष में जाएगा या विराट कोहली की RCB नया रिकॉर्ड बनाते हुए लगातार दूसरा खिताब अपने नाम करेगी।







