Main Slideप्रदेश

बिहार में ‘सहयोग शिविर’ की शुरुआत: 30 दिन में शिकायत नहीं सुलझी तो अधिकारी होंगे सस्पेंड

बिहार में सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार ने जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए एक नई पहल शुरू की है। राज्यभर की पंचायतों में आज से ‘सहयोग शिविर’ लगाए जा रहे हैं, जहां लोगों की शिकायतों का निपटारा तय समयसीमा में किया जाएगा। सरकार ने साफ कर दिया है कि यदि किसी आवेदन का समाधान 30 दिनों के भीतर नहीं हुआ, तो संबंधित अधिकारी पर कार्रवाई होगी और 31वें दिन स्वतः निलंबन का आदेश जारी किया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने सारण जिले के सोनपुर स्थित डुमरी बुजुर्ग गांव में इस कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की।

 क्या है सहयोग शिविर योजना?

सरकार की नई व्यवस्था के तहत आवेदन मिलने के बाद संबंधित अधिकारी को 10 दिन के भीतर पहला नोटिस दिया जाएगा। 20वें दिन दूसरा और 25वें दिन तीसरा नोटिस जारी होगा। हर हाल में 30 दिनों के भीतर आवेदन का निष्पादन करना अनिवार्य होगा। सरकार ने स्पष्ट किया है कि न्यायालय से जुड़े मामलों को छोड़कर किसी भी आवेदन को लंबित नहीं रखा जाएगा। मुख्यमंत्री सचिवालय से सभी मामलों की रियल टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी। हर महीने के पहले और तीसरे मंगलवार को पंचायत स्तर पर ये शिविर आयोजित किए जाएंगे।

 पंचायत स्तर पर सुनी जाएंगी समस्याएं

शिविर पंचायत सरकार भवन या किसी सार्वजनिक स्थल पर लगाए जाएंगे। इनमें अंचल, प्रखंड और थाना स्तर के अधिकारी एक साथ बैठकर लोगों की शिकायतें सुनेंगे। भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, जाति-आय-निवास प्रमाण पत्र, राशन, पेंशन, मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, बिजली-पानी-सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी समस्याओं का समाधान शिविर में किया जाएगा। लोग शिविर से 30 दिन पहले या शिविर के दिन भी आवेदन जमा कर सकेंगे। सभी शिकायतें ‘सहयोग पोर्टल’ पर दर्ज होंगी, ताकि मुख्यमंत्री कार्यालय से उनकी निगरानी की जा सके। राज्य सरकार ने इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 1100 भी जारी किया है।

 CM सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को दी चेतावनी

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि यदि कोई अधिकारी 30 दिनों के भीतर समस्या का समाधान नहीं करता, तो सरकार उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा, “पहला नोटिस 10 दिन में, दूसरा 20 दिन में और तीसरा 25 दिन में दिया जाएगा। इसके बाद भी समाधान नहीं हुआ तो 31वें दिन स्वतः निलंबन की कार्रवाई होगी।”

सोनपुर को नोएडा की तरह विकसित करने का दावा

मुख्यमंत्री ने सोनपुर के विकास को लेकर भी बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में एयरपोर्ट और नई टाउनशिप विकसित की जा रही है। बाबा हरिहरनाथ के नाम पर नए टाउनशिप प्रोजेक्ट पर काम होगा और यहां उद्योग स्थापित कर रोजगार के अवसर पैदा किए जाएंगे। सम्राट चौधरी ने कहा, “दिल्ली के पास जैसे नोएडा विकसित हुआ, उसी तरह सोनपुर को भी विकसित किया जाएगा। बाहर रोजगार के लिए जाने वाले युवाओं के लिए यहीं फैक्ट्रियां लगाई जाएंगी।”

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close