Main Slideराजनीति

केरल कांग्रेस दफ्तर में महिला विधायक से जबरन गले मिलने की कोशिश, नेता का वीडियो वायरल

केरल के तिरुवनंतपुरम स्थित प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय से कांग्रेस नेता चेरियन फिलिप का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वह कांग्रेस विधायक बिंदू कृष्णा को उनकी अनुमति के बिना जबरन गले लगाने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान बिंदू कृष्णा असहज नजर आईं। बताया जा रहा है कि केरल विधानसभा चुनाव 2026 में कांग्रेस नीत यूडीएफ गठबंधन की जीत के बाद पार्टी मुख्यालय में जश्न का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कोल्लम सीट से जीत दर्ज करने वाली बिंदू कृष्णा भी समारोह में शामिल होने पहुंची थीं। इसी दौरान यह घटना हुई।

वीडियो में दिखी असहजता

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में बिंदू कृष्णा कार्यकर्ताओं और नेताओं से हाथ मिलाकर अभिवादन करती नजर आ रही हैं। इसी बीच चेरियन फिलिप उनके पास आते हैं और गले लगाने की कोशिश करते हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि बिंदू कृष्णा हाथ जोड़कर अभिवादन करती हैं, लेकिन इसके बावजूद चेरियन फिलिप पीछे नहीं हटते। इस दौरान विधायक के चेहरे पर असहजता साफ दिखाई देती है। बाद में वह वहां से आगे बढ़ जाती हैं।

सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर कांग्रेस नेता की आलोचना शुरू हो गई है। कई यूजर्स ने इसे महिलाओं के प्रति असम्मानजनक व्यवहार बताया है। एक यूजर ने लिखा कि महिला विधायक साफ तौर पर असहज दिख रही थीं, इसके बावजूद जबरदस्ती करना गलत है। वहीं दूसरे यूजर ने सवाल उठाया कि अगर जनप्रतिनिधियों के साथ ऐसा व्यवहार हो सकता है तो आम महिलाओं की स्थिति क्या होगी। घटना को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार प्रतिक्रियाएं आ रही हैं और कई लोग कांग्रेस से इस मामले में कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close