पाकिस्तान में टार्गेट किलिंग: खैबर पख्तूनख्वा में धर्मगुरु मौलाना इदरीस की गोली मारकर हत्या, विरोध में सड़कों पर प्रदर्शन

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में मंगलवार को एक बड़े टार्गेट हमले में प्रमुख धर्मगुरु मौलाना मोहम्मद इदरीस की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, अज्ञात हमलावरों ने चारसद्दा जिले के उस्मानजई इलाके में उनके वाहन पर घात लगाकर हमला किया। इस हमले में उनके साथ मौजूद दो सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। बताया गया कि मौलाना इदरीस उस समय दारुल उलूम उत्मानजई में दर्स-ए-हदीस देने जा रहे थे, तभी उन पर फायरिंग की गई। गंभीर रूप से घायल इदरीस को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। उनकी मौत की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में समर्थक अस्पताल पहुंच गए।
घटना के बाद इलाके में तनाव बढ़ गया और सैकड़ों लोगों ने सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने चारसद्दा शहर की ओर मार्च किया और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। कई जगहों पर सड़क जाम कर धरना भी दिया गया। मौलाना इदरीस को पाकिस्तान के वरिष्ठ और सम्मानित धार्मिक विद्वानों में गिना जाता था। वे जमीअत उलेमा -इ -इस्लाम (F) के चारसद्दा जिला प्रमुख भी थे और पार्टी प्रमुख मौलाना फजलुर रहमान के करीबी सहयोगी माने जाते थे।
घटना के बाद आसिफ अली जरदारी ने दुख जताते हुए कहा कि ऐसे कायराना हमले देश का मनोबल नहीं तोड़ सकते और आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी। वहीं प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ ने भी शोक व्यक्त किया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही। प्रांत के पुलिस महानिरीक्षक जुल्फिकार हमीद ने मामले की रिपोर्ट तलब की है और हमलावरों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। वहीं राज्यपाल फैसल करीम कुंदी और अन्य नेताओं ने भी इस घटना की निंदा करते हुए इसे कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल बताया है।







