Main Slideमनोरंजन

‘राजा शिवाजी’ का बॉक्स ऑफिस पर जलवा कायम, 4 दिन में कमाए 39.50 करोड़

रितेश देशमुख की फिल्म ‘राजा शिवाजी’ को रिलीज हुए चार दिन पूरे हो चुके हैं और फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर मजबूत पकड़ बनाए रखी है। पहले वीकेंड में शानदार कमाई करने के बाद अब सोमवार का कलेक्शन भी सामने आ गया है। फिल्म हिंदी और मराठी दोनों भाषाओं में रिलीज हुई है, ऐसे में दोनों वर्जन का प्रदर्शन अलग-अलग देखा जा रहा है।

सोमवार को फिल्म ने कुल 5.60 करोड़ रुपये का नेट कारोबार किया। देशभर में चल रहे 5,145 शोज से यह कमाई दर्ज हुई। इसमें मराठी वर्जन का प्रदर्शन ज्यादा मजबूत रहा, जिसने 1,735 शोज से 4.25 करोड़ रुपये कमाए। वहीं हिंदी वर्जन ने 3,410 शोज से 1.35 करोड़ रुपये का कारोबार किया। हालांकि वीकेंड के मुकाबले सोमवार को कलेक्शन में गिरावट देखी गई।

फिल्म ने शुक्रवार को 11.35 करोड़ रुपये की दमदार ओपनिंग ली थी, जो रितेश देशमुख के करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग में से एक रही। शनिवार को फिल्म ने 10.55 करोड़ रुपये कमाए, जबकि रविवार को 12 करोड़ रुपये का शानदार कारोबार करते हुए वीकेंड का उच्चतम कलेक्शन दर्ज किया। चार दिनों में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 39.50 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। ‘राजा शिवाजी’ महान मराठा योद्धा छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन पर आधारित है। फिल्म में शिवाजी महाराज की भूमिका खुद रितेश देशमुख ने निभाई है।

यह एक मल्टीस्टारर फिल्म है, जिसमें जेनेलिया देशमुख, अभिषेक बच्चन, संजय दत्त, विद्या बालन, बोमन ईरानी, भाग्यश्री, सचिन खेडकर और फरदीन खान जैसे कलाकार शामिल हैं। फिल्म का निर्देशन भी रितेश देशमुख ने ही किया है, जबकि निर्माण उन्होंने ज्योति देशपांडे के साथ मिलकर किया है। कुल मिलाकर, ‘राजा शिवाजी’ बॉक्स ऑफिस पर मजबूत प्रदर्शन कर रही है और आने वाले दिनों में इसके कलेक्शन पर सबकी नजरें टिकी हैं।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close